Kanpur News: पनकी के इस्पात नगर में कथित तौर पर नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर नकली सीमेंट तैयार कर बाजार में बेचने के मामले में एसओजी और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की. बुधवार को परिसर में छापेमारी के दौरान एसीसी, अंबुजा समेत विभिन्न कंपनियों के नाम वाली एक हजार से अधिक सीमेंट की बोरियां मिलीं. मौके पर दो ट्रक भी खड़े थे, जिनमें माल लोड किया जा रहा था. पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिसर का संचालक और कर्मचारी वहां से जा चुके थे.
कंपनी की शिकायत पर हुई कार्रवाई
अडानी ग्रुप की एसीसी और अंबुजा सीमेंट के सेल्स सीनियर मैनेजर मुमताज उल हक के मुताबिक, पनकी क्षेत्र में दोनों कंपनियों के नाम पर कथित नकली सीमेंट बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं. कंपनी ने अपने स्तर पर विजिलेंस टीम से मामले की जांच कराई. शिकायतों की पुष्टि होने का दावा करते हुए पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की गई.
इसके बाद एसओजी और पनकी पुलिस ने संयुक्त रूप से संबंधित परिसर में छापेमारी की. यहां बड़ी संख्या में सीमेंट से भरी बोरियों के साथ खाली बैग भी बरामद किए गए. पुलिस अब बरामद सामग्री की जांच कर रही है.
चार लोगों के खिलाफ शिकायत, जांच शुरू
एसीपी वेस्ट योगेश कुमार के अनुसार, एसीसी कंपनी के सेल्स मैनेजर ने शिकायत दी थी कि कुछ लोग कंपनी के नाम का दुरुपयोग कर कथित तौर पर नकली सीमेंट तैयार कर रहे हैं. सूचना के आधार पर पनकी पुलिस ने मौके पर जांच की, जहां एसीसी सीमेंट के भरे हुए बैग और खाली बोरियां बरामद हुईं.
एसीपी ने बताया कि कंपनी के प्रतिनिधि की ओर से थाने में तहरीर दी गई है, जिसमें चार लोगों को नामजद किया गया है. शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
कहां बन रहा था सीमेंट, किन इलाकों में हो रही थी सप्लाई?
पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि परिसर में किस तरह का कारोबार चल रहा था और सीमेंट की बोरियों पर अलग-अलग कंपनियों के ब्रांड का इस्तेमाल कैसे किया जा रहा था. जांच के दायरे में सीमेंट की गुणवत्ता, ब्रांड की प्रामाणिकता और उसकी सप्लाई से जुड़े पहलू भी शामिल हैं.
पुलिस यह भी पता लगाएगी कि बरामद सीमेंट कहां से लाया गया था, इसे किन बाजारों में भेजा जाना था और इस पूरे कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं. मौके पर मिले दोनों ट्रकों और संबंधित दस्तावेजों की जांच से भी अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है.
सिमर चावला