दिल्ली में आज यानी कि 10 अक्टूबर को प्रस्तावित 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध प्रदर्शन का असर अब रेलवे पर भी दिखाई दे रहा है. राजधानी दिल्ली में संभावित भारी ट्रैफिक जाम और सुरक्षा अलर्ट को देखते हुए रेलवे ने एनसीआर रूट से गुजरने वाली ज्यादातर ट्रेनों को रद्द कर दिया है. इसका सबसे बड़ा असर प्रयागराज के यात्रियों पर पड़ा है, जहां से दिल्ली जाने वाले हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो गई है.
बकायदा यात्रियों को अनाउंसमेंट करके सूचना दी गई कि वह दिल्ली ना जाए. रेलवे कर्मचारी लगातार यात्रियों को अनाउंसमेंट करके दिल्ली ना जाने और ट्रेन कैंसिल होने की बात बता रहे हैं. कई यात्री ट्रेन कैंसिल होने के कारण काफी परेशान दिखे और जहां वह जाना चाहते थे, जा नहीं सकें.
इन ट्रेनों को किया गया रद्द
रद्द होने वाली ट्रेनों में प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, पटना राजधानी, बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस, सियालदह राजधानी सहित दर्जनों महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं. ट्रेनों के कैंसिल होने की वजह से प्रयागराज से दिल्ली जाने वाले पांच हजार से अधिक यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई है.
कई यात्रियों को अंतिम समय में रेलवे की ओर से एसएमएस भेजकर ट्रेन रद्द होने की सूचना दी गई. प्रदर्शन के कारण नई दिल्ली में भीषण ट्रैफिक जाम की आशंका जताई गई है. इसी वजह से रेलवे ने सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है. वहीं दिल्ली से प्रयागराज लौटने वाली कई ट्रेनें भी शनिवार को रद्द रहेंगी, जिससे वापसी करने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
पंकज श्रीवास्तव