यूपी के सहारनपुर पहुंचे नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अयोध्या चढ़ावा चोरी मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी. वह शब्बीरपुर कांड की सुनवाई के सिलसिले में एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंचे थे. पेशी के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बीजेपी सरकार पर तीखे सवाल उठाए. चंद्रशेखर ने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर लोगों की आस्था से जुटाए गए धन में कथित लूट हुई है और इस पूरे मामले में बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है. उनका आरोप था कि यदि इतने बड़े स्तर पर नाम सामने आ रहे हैं तो ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई जैसी एजेंसियों को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए.
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पहले मंदिरों की लूट की बातें सुनने को मिलती थीं, लेकिन अब भगवान राम के नाम पर जुटाए गए दान में भी कथित घोटाले के आरोप लग रहे हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम के नाम पर सत्ता हासिल की और अब उसी आस्था का राजनीतिक और आर्थिक लाभ उठाया जा रहा है.
उन्होंने सवाल उठाया कि छोटे मामलों में तुरंत कार्रवाई करने वाली जांच एजेंसियां करोड़ों रुपये के कथित घोटाले पर चुप क्यों हैं. उन्होंने बिना एफआईआर एसआईटी के गठन पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि यदि इतनी बड़ी रकम सहारनपुर के विकास पर खर्च होती तो जिले के सैकड़ों गांवों की तस्वीर बदल सकती थी.
उत्तराखंड में अपने दौरे का जिक्र करते हुए नगीना सांसद ने कहा कि उन्हें पीड़ित परिवारों से मिलने से रोका गया, जबकि उनका उद्देश्य केवल उनकी बात सुनना था. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन सच्चाई छिपाना चाहता है. चंद्रशेखर ने दावा किया कि वहां एक पंचायत में खुलेआम कहा गया कि जो भी आएगा उसके टुकड़े कर दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि यह धमकी उन्हें नहीं बल्कि उत्तराखंड सरकार और पूरे कानून-व्यवस्था तंत्र को दी गई है. उनके मुताबिक, वहां पहले मुसलमानों, फिर पर्यटकों और बाद में सिख समुदाय के लोगों के साथ घटनाएं हुईं, जिससे माहौल लगातार खराब हो रहा है.
सांसद ने कहा कि वह 30 तारीख को फिर उत्तराखंड जाएंगे क्योंकि पीड़ितों की आवाज उठाना उनका कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और जनप्रतिनिधियों को लोगों से मिलने का अधिकार है. नई राजनीतिक गतिविधियों और पार्टी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी में लोकतांत्रिक व्यवस्था है और जब भी कोई फैसला होगा, उसे सार्वजनिक किया जाएगा. अंत में उन्होंने सहारनपुर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस जिले ने उन्हें बहुत कुछ दिया है और वह हमेशा यहां के लोगों की आवाज उठाते रहेंगे.
बकौल नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद- राम के नाम पर सत्ता पाने वालों ने जनता की आस्था और करोड़ों का धन लूट लिया, लेकिन ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियां खामोश हैं. अयोध्या की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बिना एफआईआर के सिर्फ एसआईटी का गठन कर औपचारिकता पूरी की जा रही है. इसके अलावा, उत्तराखंड जाने से रोके जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि वहां का माहौल खराब है. भरत तिवारी के परिवार से मिलने जाने पर रोक लगाने को लेकर उन्होंने प्रशासन की मंशा पर सवाल उठाए हैं.
राहुल कुमार