बांदा में गजब लापरवाही: बिना हेडलाइट, केवल टॉर्च के दम पर दौड़ी प्राइवेट बस, देखें- VIDEO

उत्तर प्रदेश के बांदा में बिना हेडलाइट केवल टॉर्च की रोशनी के सहारे यात्रियों से भरी प्राइवेट बस चलाने का वीडियो वायरल हुआ है. बांदा-बबेरू मार्ग पर हुई इस घटना पर लोगों ने परिवहन विभाग पर सवाल उठाए. एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस जांच कर रही है.

Advertisement
बांदा में टॉर्च के सहारे चल रही थी बस (Photo- Screengrab) बांदा में टॉर्च के सहारे चल रही थी बस (Photo- Screengrab)

सिद्धार्थ गुप्ता

  • बांदा ,
  • 22 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:50 PM IST

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में रात के समय बिना हेडलाइट जलाए केवल टॉर्च की रोशनी के सहारे यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस सड़क पर दौड़ती नजर आई. बांदा से बबेरू मार्ग पर जा रही इस बस का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. सड़क पर आने-जाने वाले लोग इस लापरवाही को देखकर हैरान रह गए और हादसे से बाल-बाल बचे. 

Advertisement

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग के अफसर ऑफिस में बैठकर कागजी चेकिंग अभियान चला रहे हैं और यात्रियों की सुरक्षा के साथ समझौता किया जा रहा है. मामले का वीडियो वायरल होने के बाद बांदा एसपी पलाश बंसल के मीडिया सेल ने ट्रैफिक पुलिस को जांच कर कठोर कार्रवाई का आदेश दिया है.

सड़क पर टॉर्च की रोशनी में दौड़ती रही बस

वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि बस चालक बगैर हेडलाइट जलाए केवल टॉर्च की रोशनी के दम पर बेहिचक गाड़ी चला रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार बस में यात्री भी सवार थे. सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालक और राहगीर अचानक सामने आई इस बस से टकराते-टकराते बचे. इस लापरवाही ने परिवहन विभाग के सुरक्षा और चेकिंग दावों की पोल खोलकर रख दी है.

Advertisement

परिवहन विभाग पर उठ रहे सवाल

स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिले में कई प्राइवेट बसें बिना फिटनेस और परमिट के सड़कों पर बेधड़क दौड़ रही हैं. परिवहन विभाग के अधिकारी महज खानापूर्ति करके उच्च अधिकारियों को गुमराह कर रहे हैं. टॉर्च की रोशनी में यात्रियों की जान जोखिम में डालकर बस चलाने वाले संचालकों पर कार्रवाई न होना विभाग की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े करता है.

एसपी के निर्देश पर पुलिस जांच में जुटी

मामले को संज्ञान में लेते हुए बांदा के एसपी पलाश बंसल के मीडिया सेल ने जानकारी दी है कि वायरल वीडियो की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. ट्रैफिक पुलिस को पूरे प्रकरण की पड़ताल करने को कहा गया है. जांच पूरी होने के बाद नियमों के तहत दोषी बस संचालक और चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »