उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के प्रमुख शहर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में शुक्रवार को सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रशासन ने बुलडोजर चलाया. पीडब्ल्यूडी विभाग पड़ाव से गोधना बाईपास तक सड़क को चौड़ा करने का कार्य कर रहा है. इसी के तहत सड़क के दोनों तरफ सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए पिछले एक सप्ताह से अभियान जारी है. इस कार्रवाई में अब तक 300 से अधिक दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, निजी मकानों, मस्जिदों और समाजवादी पार्टी के स्थानीय कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया है. एसडीएम अनुपम मिश्रा की देखरेख में मार्किंग और नोटिस की प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह कार्रवाई की गई.
सपा कार्यालय पर चला बुलडोजर, मलबे में तब्दील हुई इमारत
शुक्रवार को चल रहे इस अभियान में सबसे ज्यादा चर्चा समाजवादी पार्टी के स्थानीय कार्यालय पर हुई कार्रवाई की रही. सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आने के कारण प्रशासन ने भारी फोर्स की मौजूदगी में सपा दफ्तर को जमींदोज कर दिया. बुलडोजर के गरजते ही दफ्तर का वह हिस्सा ढह गया जो सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया गया था. मौके पर मौजूद भारी भीड़ और सुरक्षा की दृष्टि से तैनात पुलिस बल के बीच यह बड़ी कार्रवाई पूरी की गई.
एक सप्ताह से जारी है बुलडोजर की गरज, 300 से ज्यादा निर्माण ढहे
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में यह बुलडोजर एक्शन पिछले एक सप्ताह से ज्यादा समय से चल रहा है. प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक 300 से ज्यादा छोटे-बड़े निर्माण तोड़े जा चुके हैं. इसमें व्यावसायिक प्रतिष्ठान, निजी आवास, मस्जिदों के हिस्से और कॉलेजों की बाउंड्री शामिल हैं. शहर के बीचों-बीच स्थित पुराने जीटी रोड के किनारे दशकों से जमी दुकानों पर जब प्रशासन का पीला पंजा चला, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
पड़ाव से गोधना बाईपास तक बदल जाएगी शहर की सूरत
यह पूरी कवायद चंदौली-वाराणसी सीमा पर स्थित पड़ाव से लेकर गोधना बाईपास तक सड़क को चौड़ा करने के लिए की जा रही है. शहर के उत्तर और दक्षिण दोनों तरफ लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बाकायदा नापी कर मार्किंग की थी. जिन लोगों ने मार्किंग के बाद खुद अपना अतिक्रमण नहीं हटाया, वहां प्रशासन को बलपूर्वक कार्रवाई करनी पड़ी. दशकों पुराने इन प्रतिष्ठानों के टूटने से कई लोगों की रोजी-रोटी पर असर पड़ा है, लेकिन विकास कार्यों को देखते हुए यह अभियान लगातार जारी है.
नियमों का पालन और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि इस कार्रवाई से पहले व्यापारियों के साथ बैठक की गई थी और बकायदा अनाउंसमेंट कराकर नोटिस भी दिए गए थे. डिप्टी एसपी अरुण कुमार सिंह के अनुसार, सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे. व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन की मार्किंग के बाद खुद भी सहयोग किया है, लेकिन अतिक्रमण के रेंज में आने वाले हिस्सों को हटाने के लिए बुलडोजर का सहारा लेना पड़ रहा है.
सपा का प्रदर्शन
उधर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में सड़क चौड़ीकरण के दौरान समाजवादी पार्टी कार्यालय को जमींदोज किए जाने के बाद सियासत गरमा गई है. पूर्व सपा सांसद रामकिशुन यादव समर्थकों संग PWD दफ्तर में धरने पर बैठ गए. उन्होंने कहा कि कार्यालय टूटने का गम नहीं, लेकिन व्यापारियों के पुनर्वास और मुआवजे की चिंता सरकार को करनी चाहिए. उन्होंने विभाग से अतिक्रमण की सीमा स्पष्ट करने की मांग की, ताकि निर्दोष व्यापारियों का नुकसान न हो.
उदय गुप्ता