उत्तर प्रदेश में पंचायत उपचुनाव के नतीजों में बीजेपी ने बिठूर नगर पंचायत के चेयरमैन पद पर जीत दर्ज की है. बीजेपी प्रत्याशी राणा समरेंद्र सिंह ने 2,483 मतों के अंतर से चुनाव जीतकर पार्टी का कब्जा बरकरार रखा. उन्हें कुल 4,210 वोट मिले.
वहीं, समाजवादी पार्टी के समर्थन से चुनाव लड़ रहे निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी उर्फ विभु को 1,727 मत मिले. कांग्रेस उम्मीदवार प्रदीप द्विवेदी को महज 56 वोटों से संतोष करना पड़ा.
बिठूर नगर पंचायत की चेयरमैन डॉ. निर्मला सिंह के निधन के बाद ये सीट खाली हुई थी. वो लगातार पांच बार इस पद पर निर्वाचित हुई थीं. जून 2026 में उनके निधन के बाद खाली हुई सीट पर बीजेपी ने उनके बेटे राणा समरेंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया.
उपचुनाव में जीत के साथ ही बीजेपी ने इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है. ये चुनाव शेष कार्यकाल के करीब 13 महीने के लिए कराया गया था.
बीजेपी MLA अभिजीत सिंह सांगा के भाई हैं समरेंद्र
राणा समरेंद्र सिंह बिठूर विधानसभा क्षेत्र से BJP विधायक अभिजीत सिंह सांगा के भाई हैं. सांगा लगातार दो बार से विधायक हैं. इस उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने अपना उम्मीदवार उतारने के बजाय निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी को समर्थन दिया था. इसके बावजूद BJP प्रत्याशी जीत हासिल करने में सफल रहे.
यह भी पढ़ें: 5 विधानसभा और 1 लोकसभा उपचुनाव के नतीजे घोषित, 4 सीटों पर NDA की जीत, दो पर TVK का कब्जा
करीब 65 फीसदी मतदाताओं ने किया मतदान
बिठूर नगर पंचायत में 13 अक्टूबर को मतदान हुआ था. कुल 9,474 मतदाताओं में से 6,193 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. गुरुवार सुबह आठ बजे नगर पंचायत भवन में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हुई. अंतिम नतीजों में BJP के राणा समरेंद्र सिंह को 4,210, निर्दलीय आदर्श द्विवेदी को 1,727 और कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप द्विवेदी को 56 वोट मिले.
सिमर चावला