अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी की जांच एसआईटी कर रही है. चढ़ावा चोरी मामले में श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय के करीबी टिन्नू यादव समेत आठ आरोपी जेल में हैं. मामले की जांच कर रही एसआईटी मनी ट्रेल खंगाल रही है, वहीं अब पूर्व कारसेवक संतोष दुबे ने भी सोमवार को राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर कुछ नए साक्ष्य सौंपे हैं.
संतोष दुबे सोमवार को अयोध्या के सीओ कार्यालय पहुंचे और राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सबूत सौंपे. आजतक से बातचीत में संतोष दुबे ने कहा कि इन सबूतों के बाद चंदा चोरों की मुसीबतें बढ़ने वाली हैं. संतोष दुबे ने कहा कि एक दिन पहले एसआईटी ने उनसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये चंदा चोरी को लेकर पूछताछ की थी. उन्होंने कहा कि एसआईटी उनके बयानों और सबूतों को भी जांच में शामिल कर रही है.
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र, यूपी सरकार को भेजा नोटिस
पूर्व कारसेवक संतोष दुबे ने एक कागज दिखाते हुए दावा किया है कि एसआईटी ने उनसे सभी सबूत सीओ कार्यालय पहुंचकर सौंपने को कहा था. इसलिए ही वह सबूत सौंपने सीओ कार्यालय पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि सीओ कार्यालय से यह सबूत एसआईटी तक पहुंचाए जाएंगे. संतोष दुबे ने कहा कि मुझे अभी तक भरोसा नहीं था, लेकिन एसआईटी के अधिकारियों से एक दिन पहले हुई बातचीत में समझ आया कि जांच सही दिशा में है.
यह भी पढ़ें: कहां-कहां लगा राम मंदिर चढ़ावा चोरी का पैसा, ट्रेल खंगालेगी पुलिस... IT विभाग से मांगी मदद
उन्होंने दावा किया कि कई बड़े नाम भी इसमें शामिल होने जा रहे हैं. कोई नहीं बचेगा. संतोष दुबे ने सीएम योगी को बधाई भी दी. गौरतलब है कि इस मामले में टिन्नू यादव के साथ ही अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा समेत अन्य आरोपियों से अयोध्या पुलिस लगाता पूछताछ कर रही है. इस मामले में स्टेट बैंक के कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है.
समर्थ श्रीवास्तव