Amethi News: समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक राकेश प्रताप सिंह के बीजेपी में शामिल होने के सदस्यता कार्यक्रम से पहले पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मटियारी का बयान सामने आया है. उन्होंने पार्टी में नेताओं के आने-जाने को सामान्य प्रक्रिया बताते हुए कहा कि पार्टी का कुनबा बढ़ रहा है. बकौल मटियारी- हम सभी ने विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को साकार करने के लिए पूरी ताकत के साथ काम करने का संकल्प लिया है.
टिकट देने का फैसला पार्टी नेतृत्व का
चंद्र प्रकाश मटियारी ने आगे कहा कि कल प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा. उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने का भरोसा जताते हुए कहा कि हम वचन देते हैं कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेंगे और प्रदेश की झोली में कमल का फूल डालेंगे.
आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी को लेकर चंद्र प्रकाश मटियारी ने कहा कि टिकट का फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करता है. उन्हें पूरा विश्वास है कि पार्टी उन्हें टिकट देगी और वह चुनाव जीतकर बीजेपी की झोली में जीत डालेंगे.
राकेश प्रताप सिंह के बीजेपी में शामिल होने को लेकर उन्होंने कहा कि टिकट देने का फैसला पार्टी नेतृत्व करता है. राकेश प्रताप सिंह आज पार्टी में आ रहे हैं, जबकि वह कई वर्षों से पार्टी के लिए समर्पित होकर काम कर रहे हैं.
गौरीगंज सीट पर टिकट की दावेदारी तेज
चंद्र प्रकाश मटियारी ने कहा कि उन्होंने गौरीगंज क्षेत्र में काम किया है और उन्हें पूरा विश्वास है कि उनके काम और समर्पण को देखते हुए पार्टी नेतृत्व उन पर भरोसा जताएगा और उन्हें विधानसभा चुनाव में टिकट देगा. राकेश प्रताप सिंह की बीजेपी में एंट्री से पहले आए इस बयान को गौरीगंज विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव के लिए टिकट की दावेदारी के संदर्भ में अहम माना जा रहा है.
अभिषेक कुमार त्रिपाठी