Ajay Rai Vs Mamta Choudhary: गालियां देने और जूते-चप्पल चलाने वाले कांग्रेसी नहीं हो सकते, अजय राय से विवाद पर बोलीं ममता चौधरी

लखनऊ में यूपी कांग्रेस कार्यालय में विवाद के बाद कांग्रेस नेता ममता चौधरी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल और मारपीट के आरोप लगाए. ममता ने दलितों के प्रति भेदभाव का भी आरोप लगाया. वहीं, अजय राय ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से शिकायत कर ममता के खिलाफ कार्रवाई और पार्टी से निष्कासन की मांग की है. भाजपा ने इस घटनाक्रम को कांग्रेस की अंदरूनी कलह बताया.

Advertisement
अजय राय और ममता चौधरी के बीच बयानबाजी भी तेज गई है (Photo ITG) अजय राय और ममता चौधरी के बीच बयानबाजी भी तेज गई है (Photo ITG)

aajtak.in

  • लखनऊ,
  • 12 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:05 AM IST

यूपी कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के पदभार ग्रहण समारोह में विवाद के बाद अब कांग्रेस नेता ममता चौधरी के बयान सामने आया है. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के साथ हुई कहासुनी को लेकर ममता ने उन पर अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया है. ममता का दावा है कि अजय राय ने उनसे कहा, 'दो कौड़ी की अपनी औकात में रहो.' उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस में दलितों के प्रति पहले से ही समस्या रही है.

Advertisement

'अपनी औकात में रहो', ममता ने सुनाई पूरी बात

ममता चौधरी के मुताबिक, विवाद के दौरान अजय राय पलटे और उन पर चिल्लाते हुए अपनी सीमा में रहने की बात कही. ममता ने आरोप लगाया कि उनसे कहा गया, 'दो कौड़ी की अपनी औकात में रहो, अपनी औकात में रहो.' उन्होंने दावा किया कि इसके बाद वहां मौजूद कुछ समर्थक आक्रामक हो गए. ममता के अनुसार, लोगों ने उनसे सवाल-जवाब किए, जूते-चप्पल दिखाए और हाथ-पैर से हमला भी किया. उन्होंने इस व्यवहार को अपमानजनक बताते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की. हालांकि, ये आरोप ममता चौधरी की ओर से लगाए गए हैं. 

'इनको हमेशा दलितों से प्रॉब्लम रही है'

ममता चौधरी ने अपने बयान में दलितों के प्रति कथित व्यवहार का मुद्दा भी उठाया. उनका आरोप है कि अजय राय और उनसे जुड़े लोगों को हमेशा दलितों से परेशानी रही है. इस टिप्पणी के जरिए उन्होंने विवाद को सामाजिक सम्मान और कांग्रेस के भीतर दलित नेताओं की स्थिति से जोड़ दिया है. 

Advertisement

कांग्रेस के अंदरूनी विवाद पर भाजपा का भी हमला

इस विवाद को लेकर भाजपा ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है. भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश सिंह ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुए घटनाक्रम को पार्टी की अंदरूनी खींचतान से जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस में पद और कुर्सी को लेकर संघर्ष दिखाई दे रहा है. भाजपा की इस प्रतिक्रिया के बीच ममता चौधरी के आरोपों ने कांग्रेस के लिए एक और सवाल खड़ा कर दिया है. एक तरफ पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष के कार्यभार संभालने का अवसर था, तो दूसरी तरफ वरिष्ठ नेताओं के समर्थकों के बीच टकराव की स्थिति बन गई.

इस बात पर मचा बवाल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे. इसी दौरान वहां मौजूद भीड़ को देखते हुए अजय राय के समर्थकों ने कहा कि 'अध्यक्ष जी निकलेंगे, रास्ता दे दीजिए.' इस पर ममता चौधरी की तरफ से पूछा गया, 'कौन अध्यक्ष?' इसके बाद दोनों गुटों के बीच विवाद बढ़ गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के बाद अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई. इस दौरान जूता फेंके जाने की भी बात सामने आई है. पूरे घटनाक्रम के बाद अजय राय ने मामले की शिकायत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से की और ममता चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

Advertisement

अजय राय ने दर्ज कराई शिकायत 

मामले को लेकर अजय राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से शिकायत की. अजय राय ने कहा कि ऐसे लोग पार्टी की छवि को खराब कर रहे हैं और ऐसे लोग पार्टी में रहेंगे तो पार्टी का माहौल खराब होगा. उन्होंने ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग की है. अजय राय को मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है.

 

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »