आगरा से जेवर एयरपोर्ट कैसे पहुंचें, बस-टैक्सी का किराया कितना है, यात्रियों के लिए क्या बेहतर ऑप्शन? जानिए सबकुछ

Noida International Airport: आगरा से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) की दूरी लगभग 140-145 किलोमीटर है, जिसे यमुना एक्सप्रेसवे के माध्यम से 1 घंटे 45 मिनट से 2 घंटे में तय किया जा सकता है. यात्री रोडवेज बस, प्राइवेट बस और टैक्सी से जेवर एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं. आइए जानते हैं कितना लगेगा किराया.

Advertisement
How to Reach Noida International Airport from agra (Photo- PTI) How to Reach Noida International Airport from agra (Photo- PTI)

अरविंद शर्मा

  • आगरा,
  • 30 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 5:06 PM IST

उत्तर प्रदेश का महत्वाकांक्षी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यमुना एक्सप्रेसवे के पास स्थित है. जो आगरा से लगभग 140 किलोमीटर दूर है. ऐसे में आगरा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों के लिए यह सवाल अहम है कि जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए कौन-कौन से साधन उपलब्ध हैं?  कितना किराया लगेगा और दूरी कितनी है? अगर आप भी आगरा से जेवर एयरपोर्ट जाने की योजना बना रहे हैं, तो आइए जानते हैं कि बस, टैक्सी और प्राइवेट बसों की पूरी जानकारी.

Advertisement

आगरा से जेवर एयरपोर्ट की दूरी और रास्ता
आगरा से जेवर एयरपोर्ट की दूरी करीब 140 से 145 किलोमीटर है. सड़क मार्ग से यात्रा करने पर लगभग 1 घंटा 45 मिनट से 2 घंटे तक का समय लगता है. इसका मुख्य रास्ता यमुना एक्सप्रेसवे से होकर गुजरता है. आगरा से कुबेरपुर होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर चढ़कर सीधे जेवर कट या जेवर टोल तक पहुंचा जा सकता है. वहां से एयरपोर्ट की दूरी करीब 5 से 10 किलोमीटर के बीच है.

जेवर एयरपोर्ट देखकर आप भी कहेंगे वाह! 15 तस्वीरों में जानें खासियत

यूपी रोडवेज बस से जेवर एयरपोर्ट कैसे जाएं?
आगरा से दिल्ली, नोएडा और कौशांबी जाने वाली कई उत्तर प्रदेश रोडवेज बसें यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते चलती हैं. यात्री इन बसों से जेवर कट या जेवर टोल पर उतर सकते हैं और वहां से एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं. इस संबंध में रोडवेज के सर्विस मैनेजर तुलाराम ने बताया कि आगरा से जेवर एयरपोर्ट के लिए रोडवेज बस की सीधी सर्विस अभी शुरू नहीं हुई है. लेकिन सुबह करीब 4:30 बजे से लेकर शाम तक आगरा के ईदगाह बस स्टैंड और ISBT से रोडवेज की बसें दिल्ली और नोएडा के लिए रवाना होती रहती हैं. इनमें साधारण बसों के अलावा जनरथ और AC बसें भी शामिल हैं.

Advertisement

रोडवेज बस से कितना किराया लगेगा?
रोडवेज बसों का किराया आमतौर पर 220 से 300 रुपये के बीच होता है, जबकि जनरथ या AC बसों का किराया करीब 350 से 450 रुपये तक हो सकता है. 

विदेश जैसा लुक, 3900 मीटर लंबा रनवे... देखें जेवर एयरपोर्ट की इनसाइड 
 

प्राइवेट बसों के भी कई विकल्प 
आगरा से जेवर और नोएडा के लिए प्राइवेट बस ऑपरेटर भी लगातार सेवाएं देते हैं. ये बसें आमतौर पर आगरा ISBT, इदगाह बस स्टैंड, कुबेरपुर और आगरा फोर्ट इलाके से मिल जाती हैं. इन बसों का किराया बस की श्रेणी के हिसाब से अलग-अलग होता है. नॉन-AC बसों का किराया करीब 200 से 400 रुपये के बीच होता है, जबकि AC बसों का किराया 400 से 800 रुपये तक हो सकता है. कुछ लक्ज़री या वोल्वो बसों का किराया 900 से 1500 रुपये तक भी पहुंच सकता है.

टैक्सी से सीधे जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान
अगर आप सीधे एयरपोर्ट तक पहुंचना चाहते हैं तो टैक्सी सबसे आसान और आरामदायक विकल्प है. आगरा कैंट रेलवे स्टेशन, ताजगंज, फतेहाबाद रोड और शहर के कई प्रमुख इलाकों से टैक्सी आसानी से मिल जाती है. ऑनलाइन कैब सेवाओं के जरिए भी गाड़ी बुक की जा सकती है. हैचबैक कार का किराया आमतौर पर 2500 से 3000 रुपये के बीच होता है. सेडान कार के लिए 3000 से 3800 रुपये तक खर्च हो सकता है, जबकि SUV गाड़ी का किराया करीब 4000 से 5000 रुपये तक पहुंच सकता है.

Advertisement

यात्रियों के लिए कौन सा विकल्प बेहतर?
अगर आप कम खर्च में यात्रा करना चाहते हैं तो रोडवेज बस सबसे सस्ता विकल्प है. वहीं, ज्यादा सुविधा और सीधे एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए टैक्सी बेहतर मानी जाती है. प्राइवेट बसें उन यात्रियों के लिए अच्छा विकल्प है जिन्हें समय के ज्यादा विकल्प चाहिए. कुल मिलाकर, यमुना एक्सप्रेसवे की वजह से आगरा से जेवर एयरपोर्ट की दूरी अब काफी कम समय में तय की जा सकती है और यात्रियों के पास यात्रा के कई विकल्प मौजूद हैं.

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 11,200 करोड़ रुपये की लागत में तैयार हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले फेज का उद्घाटन 28 मार्च 2026 को कर दिया है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन जून 2026 तक शुरू होने की उम्‍मीद है. विमान सेवा शुरू करने के लिए इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस आकासा एयरलाइंस के साथ अनुबंध किया गया है. हालांकि, अभी फ्लाइट्स की टिकट बुकिंग शुरू नहीं हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement