न डॉक्टर, न इंजीनियर... सिर्फ नाखून सजाने का हुनर, दुबई में हर महीने 10 लाख रुपये कमाने लगी यह महिला

दुबई दुनिया की उन चुनिंदा जगहों में से एक है, जहां अगर किसी के पास हुनर है तो उसे आगे बढ़ने का पूरा मौका मिलता है. यही वजह है कि यहां आकर अपनी किस्मत बदलने वालों की कहानियां अक्सर वायरल होती रहती हैं.

Advertisement
यह कहानी है 32 वर्षीय गुयेन फुओंग आन्ह की है (Photo:Insta/@beautybyfullah.ae) यह कहानी है 32 वर्षीय गुयेन फुओंग आन्ह की है (Photo:Insta/@beautybyfullah.ae)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 29 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:54 AM IST

अगर कोई आपसे कहे कि एक 32 साल की महिला हर महीने 10 लाख रुपये कमाती है, तो शायद सबसे पहले आपके दिमाग में डॉक्टर, इंजीनियर या किसी बड़ी कंपनी की अधिकारी की तस्वीर आएगी. लेकिन अगर यही कमाई कोई नेल आर्टिस्ट कर रही हो, तो यकीन करना मुश्किल हो जाएगा. यह कहानी सिर्फ एक महिला की मेहनत नहीं, बल्कि उस सिस्टम की भी है, जहां हुनर की सही कीमत मिलती है.

Advertisement

यह कहानी है 32 वर्षीय गुयेन फुओंग आन्ह की, जिन्हें लोग 'फुल्लाह' के नाम से जानते हैं. वियतनाम से दुबई पहुंचीं फुल्लाह के पास कोई बड़ी डिग्री नहीं थी. उनके हाथ में सिर्फ एक हुनर था - नाखूनों को खूबसूरत बनाना. उन्होंने इसी हुनर को अपना पेशा बनाया और देखते ही देखते दुबई की चर्चित नेल आर्टिस्ट बन गईं. एक समय ऐसा भी आया जब उनकी मासिक कमाई 30,000 से 40,000 दिरहम यानी करीब 7 से 10 लाख रुपये तक पहुंच गई.

80 हजार रुपये महीने की नौकरी से की थी शुरुआत

रिपोर्ट के मुताबिक, फुल्लाह करीब छह साल पहले बेहतर भविष्य की तलाश में वियतनाम से दुबई आई थीं. शुरुआत में उन्होंने एक छोटे से सैलून में दो साल के कॉन्ट्रैक्ट पर काम किया. उस समय उन्हें हर महीने सिर्फ 3,500 दिरहम यानी करीब 80 हजार रुपये वेतन मिलता था. कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद उन्होंने नौकरी छोड़ दी और फ्रीलांस नेल आर्टिस्ट के तौर पर काम शुरू किया. उन्होंने बिना छुट्टी लिए लगातार मेहनत की. धीरे-धीरे उनके ग्राहकों की संख्या बढ़ती गई और उनकी कमाई कई गुना बढ़ गई.

Advertisement

12 साल से कर रही हैं नेल आर्ट

फुल्लाह पिछले 12 साल से 3D नेल आर्ट में विशेषज्ञता रखती हैं. वे फूल, जानवर और अलग-अलग तरह के डिजाइन वाले नेल आर्ट बनाती हैं. उनकी कोशिश रहती है कि ग्राहकों को यूनिक डिजाइन मिले, लेकिन कीमत ज्यादा न हो. यही वजह है कि खासकर युवा ग्राहकों के बीच उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी.

अब अपना सैलून चला रही हैं

जून 2026 में फुल्लाह ने दुबई के जुमेराह विलेज सर्कल में 'Beauty by Fullah' नाम से अपना सैलून शुरू किया. दिलचस्प बात यह है कि फिलहाल वह अपने बिजनेस से खुद कोई सैलरी नहीं ले रही हैं. उनका कहना है कि शुरुआती दौर में वह पूरी कमाई दोबारा बिजनेस में निवेश कर रही हैं. उन्हें उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में उनका सैलून स्थिर हो जाएगा और फिर वह पहले जैसी कमाई हासिल कर लेंगी.

कमाई लाखों में, लेकिन खर्च बेहद कम

इतनी अच्छी कमाई होने के बावजूद फुल्लाह की जीवनशैली बेहद सादगी भरी है. शुरुआत में वह अपनी एक दोस्त के साथ स्टूडियो रूम शेयर करती थीं. अब वह एक छोटे से स्टूडियो अपार्टमेंट में रहती हैं. उनका हर महीने का कुल खर्च करीब 6,000 दिरहम है, जिसमें लगभग 1,000 दिरहम खाने पर और 5,000 दिरहम किराया व पेट्रोल पर खर्च होता है.

Advertisement

फुल्लाह हर महीने 5,000 दिरहम वियतनाम भेजकर निवेश भी करती हैं. उन्होंने वहां दो घर खरीदे हैं. उनका मानना है कि कमाई जितनी जरूरी है, उतना ही जरूरी भविष्य के लिए निवेश करना भी है.

20 साल बाद रिटायरमेंट का सपना

फुल्लाह का लक्ष्य सिर्फ ज्यादा कमाई करना नहीं है. वह चाहती हैं कि अगले 20 साल में दुबई के अलावा अबू धाबी, फुजैराह और दूसरे अमीरात में भी अपने सैलून की कई शाखाएं खोलें. उनका सपना ऐसा बिजनेस तैयार करना है, जो उनके बिना भी चलता रहे.

फुल्लाह कहती हैं कि वह अपनी 50 की उम्र की शुरुआत में रिटायर होना चाहती हैं. इसके बाद वह वियतनाम में एक फार्म खरीदकर वहीं रहना चाहती हैं. उनका सपना है कि वह जानवरों के बीच रहें, सब्जियां उगाएं और प्रकृति के करीब सुकून भरी जिंदगी बिताएं. उनके लिए असली सफलता सिर्फ पैसा कमाना नहीं, बल्कि समय रहते अपनी शर्तों पर जिंदगी जीना है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »