उज्जैन में एक नई सैंडविच शॉप खुलने वाली थी. आम तौर पर ऐसे मौकों पर परिवार, दोस्त और कुछ खास मेहमान बुलाए जाते हैं, लेकिन इस दुकान के मालिकों ने कुछ अलग करने की सोची. उद्घाटन के दिन दुकान के बाहर जो नजारा दिखा, उसने वहां मौजूद हर किसी को हैरान कर दिया.
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि यह ह्यूमनॉइड रोबोट दुकान की उद्घाटन पूजा में शामिल हुआ. इसके गले में परंपरा के मुताबिक नारंगी रंग का गमछा डाला गया और वह रेड कार्पेट पर खड़ा नजर आया. पूजा के बाद रस्म के मुताबिक रिबन कटिंग भी हुई, जिसमें रोबोट की मौजूदगी ने सबका ध्यान खींचा.
और फिर शुरू हुआ डांस, लोग बनाने लगे वीडियो
असली मजा तब आया जब उद्घाटन के बाद रोबोट ने वहां मौजूद लोगों के सामने डांस करना शुरू कर दिया. इसे देखते ही आसपास खड़े लोग अपने फोन निकालकर वीडियो बनाने लगे. रोबोट के ठुमके देखकर मौके पर मौजूद भीड़ खुश होकर तालियां बजाने लगी.
देखें वीडियो
किसने भेजा यह हाईटेक मेहमान?
जानकारी के मुताबिक, इस ह्यूमनॉइड रोबोट को इंदौर की एक कंपनी बिद्युत इनोवेशन ने उपलब्ध कराया था. दुकान के उद्घाटन को यादगार बनाने के लिए यह अनोखा आइडिया अपनाया गया, और यह दांव पूरी तरह सफल भी रहा — दुकान से ज्यादा चर्चा रोबोट की होने लगी.
वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स के कमेंट्स भी दिलचस्प रहे. कुछ लोगों को रोबोट का डांस बेहद मजेदार लगा और उन्होंने खूब मजे लिए. कई लोगों ने इसकी तुलना चीन में तेजी से बढ़ रही ह्यूमनॉइड रोबोट टेक्नोलॉजी से भी की, जहां रोबोट अब घरों और दुकानों में आम होते जा रहे हैं. वहीं कुछ यूजर्स के लिए यह सिर्फ मार्केटिंग का एक स्मार्ट तरीका भर था.
पूजा, रिबन कटिंग और डांस.ये तीनों रस्में तो हर दुकान के उद्घाटन में आम हैं, लेकिन उज्जैन की यह सैंडविच शॉप शायद पहली ऐसी जगह बनी जहां इंसानों के बीच सबसे ज्यादा सुर्खियां एक रोबोट बटोर ले गया.
aajtak.in