कहते हैं एक सच्चे फैंस की ख्वाहिश होती है कि वह अपने हीरो से एक बार जरूर मिले. उम्र चाहे कुछ भी हो, यह चाहत कभी खत्म नहीं होती. वायरल वीडियो में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां एक बेटे ने अपनी मां का यह खास पल और यादगार बना दिया और उन्हें उनके पसंदीदा खिलाड़ी से मिलवा दिया. मां की आंखों में खुशी के आंसू साफ नजर आए.
वीडियो में बेटा अपनी मां से पूछता है कि उनका पसंदीदा क्रिकेटर कौन है. मां बिना देर किए जवाब देती हैं-जॉन्टी रोड्स. इसके बाद बेटा उन्हें एक सरप्राइज देने के लिए जिम लेकर जाता है. वहां अचानक जॉन्टी रोड्स सामने आ जाते हैं. अपने पसंदीदा क्रिकेटर को सामने देखकर मां कुछ पल के लिए ठहर जाती हैं, जैसे उन्हें यकीन ही न हो रहा हो कि यह सच है.
मां की आंखों में आंसू आ जाते हैं और वह जॉन्टी रोड्स से कहती हैं कि वह 15 साल की उम्र से उनकी प्रशंसक रही हैं. जॉन्टी रोड्स भी बड़े अपनापन के साथ उन्हें गले लगाते हैं, जिससे यह पल और भी खास बन जाता है.
यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. लोगों ने इस पर दिल खोलकर प्रतिक्रियाएं दी हैं. किसी ने इसे 'रियल फैंस मोमेंट' बताया, तो किसी ने लिखा कि काश वह भी अपने माता-पिता को ऐसी ही खुशी दे सकें.
देखें वायरल वीडियो
वीडियो के कैप्शन में लिखा था-यादों को पूरा करने का सफर… एक-एक ख्वाब के साथ. आगे लिखा गया कि आखिरकार मां की जिंदगी की सबसे बड़ी ख्वाहिश पूरी हुई.अपने बचपन के क्रिकेट पसंद जॉन्टी रोड्स से मुलाकात. उन्हें देखते ही उनकी आंखों में खुशी के आंसू थे और चेहरे पर ऐसी मुस्कान, जो कभी नहीं भुलाई जा सकती. टीवी पर सचिन और विराट जैसे दिग्गजों को देखते हुए बड़ा होना और आज अपने पसंदीदा खिलाड़ी से सामने मिलना.यह सिर्फ एक सरप्राइज नहीं, बल्कि एक सपना सच होने जैसा था. मां को इतना खुश देखना ही सबसे बड़ी खुशी बन गया.
कौन हैं जॉन्टी रोड्स?
जॉन्टी रोड्स दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर हैं, जिन्हें क्रिकेट इतिहास के सबसे बेहतरीन फील्डरों में गिना जाता है. अपनी फुर्ती, शानदार डाइव और कैच पकड़ने की क्षमता के लिए वह खास तौर पर 1990 के दशक में मशहूर रहे. उन्होंने फील्डिंग को एक नई पहचान दी.
फिलहाल जॉन्टी रोड्स प्रशिक्षण और कमेंट्री में सक्रिय हैं. वह आईपीएल की लखनऊ फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े रहे हैं और श्रीलंका क्रिकेट टीम के सलाहकार फील्डिंग कोच भी रह चुके हैं. जॉन्टी रोड्स अक्सर भारत में समय बिताते हैं और खुद कई बार कह चुके हैं कि भारत उनके लिए दूसरा घर जैसा है.
aajtak.in