जंतर-मंतर प्रोटेस्ट पर बना दिया वीडियो गेम... सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल

इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें एक वीडियो गेम दिखाया जा रहा है, जिसका नाम 'जंतर- मंतर चलो' है. चलिए जानते हैं क्या है ये वीडियो गेम और किसने बनाया.

Advertisement
जंतर- मंतर पर हुए प्रोटेस्ट को लेकर एक शख्स ने बना दिया वीडियो गेम (Photo - PTI) जंतर- मंतर पर हुए प्रोटेस्ट को लेकर एक शख्स ने बना दिया वीडियो गेम (Photo - PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 16 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:34 PM IST

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आपने लोगों को विरोध-प्रदर्शन करते तो देखा होगा, लेकिन क्या कभी सोचा है कि इस प्रदर्शन पर कोई गेम भी बन सकता है? एक 27 साल के आईटी प्रोफेशनल ने ऐसा ही गेम बना दिया है, जिसमें आप चाहें तो प्रदर्शनकारी बन सकते हैं या फिर दिल्ली पुलिस की भूमिका निभा सकते हैं. इस गेम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं.

Advertisement

इस गेम का नाम 'जंतर मंतर चलो' है. इसे हाल में दिल्ली में हुए विरोध-प्रदर्शनों और लोगों को हिरासत में लिए जाने की घटनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है. गेम के जरिए जंतर-मंतर तक पहुंचने की कोशिश, पुलिस की बैरिकेडिंग और प्रदर्शनकारियों को रोकने जैसी स्थितियों को व्यंग्यात्मक अंदाज में दिखाया गया है.

गेम में प्रदर्शनकारी बनेंगे या पुलिस वाले?
इस गेम की खास बात यह है कि इसमें खिलाड़ी को दो विकल्प मिलते हैं. पहला, प्रदर्शनकारी बनकर लोगों की भीड़ जुटाना और जंतर-मंतर तक पहुंचकर धरना देना. दूसरा, दिल्ली पुलिस की भूमिका निभाना और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकना.

गेम की शुरुआत में खिलाड़ी को अपना नाम दर्ज करना होता है. इसके लिए असली नाम की जगह कोई काल्पनिक नाम भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके बाद खिलाड़ी को तय करना होता है कि वह किसकी भूमिका निभाना चाहता है.

Advertisement

अगर आप प्रदर्शनकारी यानी 'आंदोलनकारी' बनते हैं, तो आपका काम लोगों को अपने साथ जोड़ना, भीड़ बढ़ाना और जंतर-मंतर तक पहुंचना है. वहीं, दिल्ली पुलिस की भूमिका चुनने पर आपको प्रदर्शनकारियों के काफिले को रोकना होता है. गेम के निर्देशों में लाठी के जरिए भीड़ को तितर-बितर करने और नेताओं को बस में बैठाने जैसी बातें भी शामिल हैं.

यानी इस गेम में एक तरफ प्रदर्शनकारी पुलिस से बचते हुए धरना स्थल तक पहुंचने की कोशिश करते हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस का किरदार निभाने वाले खिलाड़ी उन्हें रोकने में जुटे रहते हैं.

किसने बनाया है यह गेम?
'जंतर मंतर चलो' गेम को सूरज कुशवाह नाम आईटी प्रोफेशनल ने बनाया है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, वह उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला है.  सोशल मीडिया पर उनका नाम 'bugswriter' है. इसके अलावा, वह यूट्यूब पर लिनक्स से जुड़ा एक चैनल भी चलाते हैं.

सूरज ने इस गेम को ऐसे समय में तैयार किया है, जब दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने और वहां तक पहुंचने को लेकर चर्चा हो रही है. हाल के विरोध-प्रदर्शनों से जुड़े घटनाक्रम और 'जंतर मंतर 2.0' की मांग से इस गेम को प्रेरणा मिली है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सूरज कुशवाह ने इंस्टाग्राम पर एक रील के जरिए इस गेम के बारे में बताया. इसके बाद वीडियो को लोगों ने शेयर करना शुरू कर दिया और कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भी इसे आगे बढ़ाया. देखते ही देखते गेम चर्चा में आ गया.

Advertisement

इस गेम को ऑनलाइन मल्टीप्लेयर मोड में भी खेला जा सकता है. यानी खिलाड़ी दूसरे लोगों के साथ मिलकर भी खेल सकते हैं. इसे mantarjantar.com वेबसाइट पर जाकर खेला जा सकता है.

किसी ने कहा- GTA 6 से पहले ये आ गया!
गेम वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ लोगों को इसका आइडिया मजेदार लगा, तो कुछ ने इसमें नए विकल्प जोड़ने की सलाह दी.

एक यूजर ने मजाक में लिखा - हमें GTA 6 से पहले ही जंतर-मंतर प्रोटेस्ट सिम्युलेटर मिल गया. एक दूसरे यूजर ने कहा कि आज मैंने जो सबसे अजीब चीज देखी, वह यही है. वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि वह पुलिस वाला बनकर सभी प्रदर्शनकारियों को जाने देगा. 

फिलहाल, 'जंतर मंतर चलो' गेम अपने अनोखे आइडिया और वायरल वीडियो की वजह से चर्चा में है. यह एक व्यंग्यात्मक गेम है, जिसमें खिलाड़ी विरोध-प्रदर्शन और पुलिस की भूमिका को खेल के अंदाज में अनुभव कर सकते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »