पिज्जा खाना पसंद करने वाले लोगों की पसंद अलग-अलग होती है. किसी को चीज और सब्जियों वाला पिज्जा पसंद आता है, तो किसी को चिकन या पनीर वाला. कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें पिज्जा पर अनानास यानी पाइनएप्पल डालकर खाना पसंद है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि पिज्जा पर अनानास डालने से मना करना किसी शेफ को इतना भारी पड़ सकता है कि उसकी नौकरी ही चली जाए?
ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में ऐसा ही एक अजीब मामला सामने आया है. यहां एक इटैलियन शेफ ने पिज्जा पर अनानास डालने से इनकार कर दिया. उसका मानना था कि पिज्जा पर अनानास डालना उसकी इटैलियन संस्कृति का अपमान है. लेकिन रेस्टोरेंट के मैनेजमेंट को शेफ की यह बात पसंद नहीं आई और आखिरकार उसे नौकरी से निकाल दिया गया. यह मामला ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन स्थित ला कोस्टा (La Costa) रेस्टोरेंट का है. यहां डेविड टैम्बुरेला (Davide Tamburella) हेड शेफ के तौर पर काम करते थे.
एक प्राइवेट पार्टी के लिए ग्राहक ने हैम और पाइनएप्पल वाला पिज्जा बनाने का ऑर्डर दिया था. यह बुकिंग 15 हजार ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से ज्यादा की थी, जो भारतीय रुपये में करीब 9 लाख रुपये होती है. लेकिन शेफ ने इस ऑर्डर को तैयार करने से मना कर दिया. उसका कहना था कि पिज्जा पर अनानास डालना इटली की खाने की परंपरा के खिलाफ है. उसके लिए यह अपनी संस्कृति का अपमान करने जैसा था.
तीन बार कर चुके थे पाइनएप्पल डालने से इनकार
रिपोर्ट के मुताबिक, शेफ ने पहली बार ऐसा नहीं किया था. पिछले चार साल में यह तीसरी बार था, जब उन्होंने पिज्जा पर अनानास डालने से इनकार किया था. इससे पहले भी उन्होंने अपने बॉस से कहा था कि उन्हें समझना चाहिए कि इटली के लोगों के लिए पिज्जा पर अनानास डालना कितना गलत माना जाता है. रेस्टोरेंट के मैनेजमेंट ने शेफ के काम करने के तरीके और व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए थे. इस बारे में मैनेजमेंट और शेफ के बीच बैठक भी हुई थी. इसके करीब दो हफ्ते बाद 20 मई को उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया.
शेफ ने नौकरी से निकालने के फैसले को दी चुनौती
नौकरी जाने के बाद शेफ ने ऑस्ट्रेलिया के फेयर वर्क कमीशन में शिकायत की. उनका कहना था कि उन्हें गलत तरीके से नौकरी से निकाला गया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नौकरी से निकालने के फैसले के पीछे उनके काम के दौरान लगी चोट भी एक वजह थी. दरअसल, एक बार धातु की रेलिंग से टकराने के बाद उनके दाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया था.
हालांकि, कमीशन ने उनकी शिकायत पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया. इसकी वजह यह थी कि शेफ ने तय समय सीमा के बाद शिकायत दर्ज कराई थी. साथ ही, देरी की कोई ऐसी खास वजह भी नहीं बताई गई, जिसके आधार पर समय सीमा में छूट दी जा सके. ध्यान देने वाली बात यह है कि कमीशन ने यह फैसला नहीं सुनाया कि शेफ को नौकरी से निकालना सही था या गलत. शिकायत देर से मिलने के कारण ही मामले पर सुनवाई नहीं हुई.
रेस्टोरेंट के मालिक ने क्या कहा?
इस मामले पर रेस्टोरेंट के मैनेजिंग डायरेक्टर इलियट इंग्राम ने कहा कि इस पूरे विवाद की वजह सिर्फ पिज्जा पर अनानास डालना नहीं था. शेफ के काम और व्यवहार को लेकर भी कई दूसरी शिकायतें थीं. दिलचस्प बात यह है कि जिस रेस्टोरेंट में यह पूरा विवाद हुआ, वह अब बंद हो चुका है. वहीं, शेफ डेविड टैम्बुरेला को एक दूसरे इटैलियन रेस्टोरेंट में काम मिल गया है. उनकी लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वह अब ब्रिस्बेन के वेस्ट एंड इलाके में स्थित डॉन गीनो (Don Gino) रेस्टोरेंट में हेड शेफ हैं. खास बात यह है कि इस रेस्टोरेंट के मेन्यू में भी पाइनएप्पल वाला पिज्जा शामिल नहीं है.
आखिर पिज्जा पर अनानास डालने को लेकर इतना विवाद क्यों होता है? इटली में कई लोग इसे पारंपरिक पिज्जा के स्वाद के खिलाफ मानते हैं, जबकि दुनिया के कई देशों में हैम और पाइनएप्पल वाला पिज्जा काफी पसंद किया जाता है. यही वजह है कि पिज्जा पर अनानास डालना लंबे समय से खाने के शौकीनों के बीच बहस का विषय बना हुआ है.
aajtak.in