डेटिंग ऐप्स और सोशल मीडिया के दौर में प्यार ढूंढ़ने के कई तरीके हैं, लेकिन फिनलैंड के एक सुपरमार्केट का अनोखा आइडिया इन दिनों दुनियाभर में चर्चा का विषय बना हुआ है. यहां कस्टमर अगर गुलाबी रंग की शॉपिंग बास्केट उठाता है, तो इसका मतलब होता है कि वह सिंगल है और नए लोगों से बातचीत करने के लिए तैयार है.
अमेरिकी कंटेंट क्रिएटर रोया फॉक्स ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस अनोखे कॉन्सेप्ट का वीडियो शेयर किया. वीडियो में वह बताती हैं कि बास्केट पर 'सिंक्कु कोरी' लिखा है, जिसका फिनिश भाषा में मतलब 'सिंगल बास्केट' होता है.
रोया वीडियो में कहती हैं कि अगर आपको किराने की दुकान में प्यार ढूंढ़ना है, तो बस गुलाबी टोकरी लेकर शॉपिंग कीजिए. शायद यहीं आपको अपना जीवनसाथी मिल जाए.
यह भी पढ़ें: नॉर्वे की नौकरी ने बदल दी सोच, भारतीय कर्मचारी बोला- 'अब समझ आया, जिंदगी क्या होती है'
आखिर शुरू क्यों किया गया यह कॉन्सेप्ट?
फिनलैंड के कुछ सुपरमार्केट्स ने यह पहल सिंगल लोगों को सहज और सुरक्षित माहौल में एक-दूसरे से मिलने का मौका देने के लिए शुरू की थी. इसका मकसद डेटिंग ऐप्स या बार-कल्चर से अलग एक सामान्य सार्वजनिक जगह पर बातचीत की शुरुआत कराना है. हालांकि, यह सुविधा हर सुपरमार्केट में उपलब्ध नहीं है और केवल कुछ चुनिंदा स्टोर्स में ही देखने को मिलती है.
देखें वायरल वीडियो
क्या सच में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं?
'सिंक्कु कोरी' यानी सिंगल बास्केट कोई आधिकारिक डेटिंग सर्विस नहीं है, बल्कि एक हल्के-फुल्के सोशल एक्सपेरिमेंट की तरह शुरू किया गया आइडिया है. कस्टमर अपनी इच्छा से यह बास्केट उठाते हैं, जिससे दूसरे लोगों को पता चल सके कि उनसे बातचीत की जा सकती है. इसका उद्देश्य किसी पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि इच्छुक लोगों के बीच बातचीत आसान करना है.
यह भी पढ़ें: यहां सिर्फ काम नहीं, जिंदगी भी जीते हैं! भारतीय युवक ने दिखाया स्वीडन का ऑफिस कल्चर
फिनलैंड में पहले ऑरेंज, येलो और अब पिंक जैसे अलग-अलग रंगों की 'सिंगल बास्केट' इस्तेमाल की जा चुकी हैं। यानी रंग बदलते रहे, लेकिन मकसद एक ही रहा सिंगल लोगों को बिना डेटिंग ऐप के बातचीत का मौका देना। यह पहल हर सुपरमार्केट में नहीं होती, बल्कि कुछ चुनिंदा स्टोर ही इसे अपनाते हैं
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं. कई यूजर्स ने लिखा कि सबसे बड़ा डर यह होगा कि गुलाबी टोकरी लेकर पूरी शॉपिंग कर ली और कोई बात ही न करे. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि उन्हें ऐसी टोकरी भी चाहिए, जो साफ बता दे कि वे शॉपिंग के दौरान किसी से बातचीत नहीं करना चाहते.
aajtak.in