अमेरिका को दुनिया का सबसे अमीर देश माना जाता है. सोशल मीडिया पर अक्सर वहां की चमक-दमक, बड़ी-बड़ी गाड़ियां और आलीशान जिंदगी देखने को मिलती है. लेकिन इस चमक के पीछे एक ऐसी सच्चाई भी छिपी है, जिसके बारे में कम ही लोग बात करते हैं. इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक कंटेंट क्रिएटर अमेरिका के वॉलमार्ट स्टोर में खरीदारी करने पहुंचता है. वहां उसकी मुलाकात एक बुजुर्ग महिला से होती है, जो काफी ज्यादा उम्र होने के बावजूद स्टोर में नौकरी कर रही होती हैं.
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर एक यूडर ने शेयर किया है. वह मुस्कुराते हुए 90 साल की महिला से पूछता है- क्या इस उम्र में भी आप काम कर रही हैं? क्या आपका ख्याल रखने वाला कोई नहीं है? महिला का जवाब सुनकर हर कोई सोचने पर मजबूर हो जाता है. उन्होंने बिना किसी झिझक के कहा- मैं सिर्फ अपने बिल भरने के लिए काम कर रही हूं. मुझे अपने खर्च पूरे करने हैं.
नई कार बनी परेशानी की वजह
बातचीत के दौरान महिला ने बताया कि उन्होंने हाल ही में एक नई कार खरीदी थी. उन्हें उम्मीद थी कि कार का इंश्योरेंस लगभग 500 डॉलर आएगा. लेकिन जब इंश्योरेंस कंपनी का बिल आया तो रकम करीब 2,000 डॉलर निकली. इतना बड़ा खर्च देखकर वह तनाव में आ गईं. उन्होंने कहा कि वह लगातार यही सोच रही हैं कि आखिर इतने पैसे कैसे भरें. उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था कि बढ़ते खर्चों ने उन्हें चिंता में डाल दिया है.
अमेरिका में भी आसान नहीं है जिंदगी
भारत में अक्सर यह धारणा बनाई जाती है कि अमेरिका में रहने वाला हर व्यक्ति अमीर होता है और वहां किसी चीज की कमी नहीं होती. लेकिन यह वीडियो इस सोच को पूरी तरह बदल देता है. असलियत यह है कि अमेरिका में भी लाखों लोग हर महीने अपने घर का किराया, बिजली-पानी का बिल, मेडिकल खर्च, कार की किश्त और इंश्योरेंस जैसे खर्च पूरे करने के लिए लगातार काम करते हैं. यही वजह है कि वहां कई लोग 70, 80 और यहां तक कि 90 साल की उम्र में भी नौकरी करते हुए दिखाई देते हैं. कई लोग रिटायरमेंट के बाद भी इसलिए काम करते हैं क्योंकि उनकी बचत उनके खर्च पूरे करने के लिए काफी नहीं होती.
लोगों को मिला बड़ा सबक
वीडियो बनाने वाले शख्स ने कहा कि किसी भी इंसान को उसके काम से नहीं आंकना चाहिए. चाहे कोई सुपरमार्केट में नौकरी करता हो, सफाई का काम करता हो या किसी बड़े ऑफिस में बैठता हो, हर व्यक्ति अपने परिवार और जिम्मेदारियों के लिए मेहनत कर रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता. मेहनत करने वाला हर इंसान सम्मान का हकदार है.
यह वीडियो सिर्फ अमेरिका की आर्थिक सच्चाई नहीं दिखाता, बल्कि जिंदगी का एक अहम सबक भी देता है. हम अक्सर दूसरों की जिंदगी देखकर यह मान लेते हैं कि वे बहुत खुश और संपन्न होंगे, लेकिन सच्चाई कुछ और भी हो सकती है. हर व्यक्ति की अपनी परेशानियां होती हैं. कोई बढ़ते मेडिकल खर्च से जूझ रहा होता है, कोई महंगे इंश्योरेंस से और कोई रोजमर्रा के बिलों से. इसलिए किसी की जिंदगी को सिर्फ बाहर से देखकर उसकी असलियत का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता. इस वायरल वीडियो ने लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि मेहनत की कोई उम्र नहीं होती और जिम्मेदारियां इंसान को आखिरी पड़ाव तक काम करने के लिए मजबूर कर सकती हैं.
aajtak.in