Places To Avoid In Summer: गर्मियों की छुट्टियां आते ही हर कोई बैग पैक करके कहीं न कहीं घूमने का प्लान बनाने लगता है. लेकिन कई बार जोश-जोश में लोग ऐसी जगहें चुन लेते हैं, जहां पहुंचने के बाद तेज धूप, भयंकर गर्मी और चिपचिपी उमस पूरी ट्रिप का मजा किरकिरा कर देती है. दरअसल, हमारे देश में कई ऐसी बेहद खूबसूरत और मशहूर जगहें हैं जो सर्दियों के मौसम में तो जन्नत जैसी लगती हैं लेकिन गर्मियों में वहां पैर रखना भी भारी पड़ जाता है. दिनभर लू चलना और खुले आसमान के नीचे घूमना आपको रिफ्रेश करने के बजाय बीमार कर सकता है. ऐसे में अगर आप इस समर वेकेशन घूमने का प्लान कर रहे हैं तो इन जगहों पर जाने से पहले मौसम के बारे में जरूर सोच लें.
राजस्थान का जैसलमेर
राजस्थान का जैसलमेर अपनी सुनहरी रेत और भव्य किलों के लिए दुनियाभर में जाना जाता है. लेकिन गर्मियों में यहां की तेज गर्मी लोगों की हालत खराब कर सकती है. कई बार तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच जाता है, जिससे दिन में बाहर घूमना काफी मुश्किल हो जाता है. जैसलमेर की असली खूबसूरती को आराम से देखने और यहां के ऐतिहासिक किलों का मजा लेने के लिए ठंड का मौसम ज्यादा बेहतर माना जाता है.
अमृतसर का गोल्डन टेंपल
अमृतसर का गोल्डन टेंपल अपनी शांति और खूबसूरत माहौल के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है लेकिन गर्मियों में यहां की तेज गर्मी और उमस लोगों को काफी परेशान कर सकती है. ऐसे मौसम में मंदिर परिसर में लंबे समय तक घूमना थोड़ा मुश्किल हो जाता है. हालांकि मंदिर के आसपास मौजूद सरोवर कुछ राहत जरूर देता है लेकिन आराम से घूमने और इस जगह की खूबसूरती का आनंद लेने के लिए सर्दियों का मौसम ज्यादा बेहतर माना जाता है.
आगरा
आगरा का ताजमहल दुनियाभर में अपनी खूबसूरती के लिए जाना जाता है. लेकिन गर्मियों में सफेद संगमरमर पर पड़ने वाली तेज धूप लोगों को काफी परेशान कर सकती है. ऐसे में ताजमहल की असली खूबसूरती का आनंद लेने के लिए ठंड का मौसम ज्यादा बेहतर माना जाता है.
गोवा
गोवा अपने खूबसूरत बीच, शांत माहौल और पार्टी लाइफ के लिए लोगों की पसंदीदा जगह है. लेकिन गर्मियों में यहां भी तेज गर्मी और धूप लोगों को परेशान कर सकती है. हालांकि बीच खुले रहते हैं लेकिन ज्यादा गर्मी की वजह से लंबे समय तक बाहर एक्टिविटीज करना मुश्किल हो सकता है.
दिल्ली
देश की राजधानी दिल्ली अपनी ऐतिहासिक इमारतों और संस्कृति के लिए दुनियाभर में मशहूर है. इंडिया गेट, लाल किला और कई ऐतिहासिक जगहें यहां के मुख्य आकर्षण हैं. लेकिन गर्मियों में दिल्ली की तेज गर्मी और प्रदूषण लोगों की परेशानी बढ़ा देते हैं. गर्म हवाओं और उमस की वजह से दिन में बाहर घूमना काफी मुश्किल हो सकता है, ऐसे में इस मौसम में दिल्ली घूमने का मजा थोड़ा कम हो सकता है.
मध्य प्रदेश का खजुराहो
मध्य प्रदेश का खजुराहो अपनी खूबसूरत नक्काशी वाले मंदिरों और ऐतिहासिक इमारतों के लिए दुनियाभर में मशहूर है. हालांकि गर्मियों में यहां घूमना थोड़ा मुश्किल हो सकता है, क्योंकि ज्यादातर स्मारक खुले इलाके में बने हुए हैं. तेज धूप और गर्मी में इन जगहों को आराम से एक्सप्लोर करना काफी थकाने वाला हो सकता है, खासकर जब आप परिवार के साथ घूम रहे हों.
चेन्नई
चेन्नई अपनी शानदार संस्कृति, ऐतिहासिक जगहों और खूबसूरत चर्चों के लिए काफी मशहूर है. यहां का सैंथोम कैथेड्रल और कई हेरिटेज म्यूजियम्स टूरिस्ट्स को खूब पसंद आते हैं. लेकिन गर्मियों में यहां की तेज गर्मी और उमस लोगों को काफी परेशान कर सकती है. ऐसे मौसम में लंबे समय तक बाहर घूमना मुश्किल हो जाता है, जिससे ट्रिप का मजा थोड़ा कम हो सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क