Budget Friendly Foreign Trips: विदेश घूमना हर किसी का सपना होता है लेकिन अक्सर लोग यह सोचकर अपना प्लान टाल देते हैं कि इसमें बहुत ज्यादा खर्च आएगा. हालांकि, भारत के पड़ोसी देशों में कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं, जहां आप कम बजट में शानदार छुट्टियां बिता सकते हैं. बर्फ से ढके पहाड़, शांत बौद्ध मठ, समुद्र तट और प्राकृतिक खूबसूरती से भरपूर ये देश हर तरह के यात्रियों के लिए खास हैं. आइए जानते हैं भारत के पड़ोसी देशों में घूमने की बेहतरीन जगहों के बारे में और यह भी कि वहां जाने का सबसे सही समय कौन-सा है.
नेपाल
नेपाल भारतीय पर्यटकों की सबसे पसंदीदा और किफायती विदेशी डेस्टिनेशन में से एक है. यहां आप फ्लाइट, ट्रेन और सड़क मार्ग से भी आसानी से पहुंच सकते हैं. बर्फ से ढके पहाड़, खूबसूरत घाटियां और समृद्ध संस्कृति इस देश को खास बनाती हैं. दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट भी यहीं स्थित है. यहां घूमने की प्रमुख जगहों में काठमांडू, पोखरा और लुम्बिनी शामिल हैं. मार्च से मई और अक्टूबर से दिसंबर के बीच का समय यहां घूमने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है.
वीजा: भारतीय नागरिकों को नेपाल घूमने के लिए वीजा की जरूरत नहीं होती.
भूटान
अगर आप भीड़भाड़ से दूर शांति और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेना चाहते हैं तो भूटान आपके लिए बेहतरीन डेस्टिनेशन हो सकता है. यहां की हरियाली, पारंपरिक भूटानी वास्तुकला और हिमालय की खूबसूरत वादियां पर्यटकों को खूब आकर्षित करती हैं. यहां घूमने की प्रमुख जगहों में पारो, थिम्पू और पुनाखा शामिल हैं. मार्च से मई और सितंबर से नवंबर के बीच का समय यहां घूमने के लिए सबसे बेहतर माना जाता है.
वीजा: भारतीय नागरिकों को भूटान घूमने के लिए वीजा की जरूरत नहीं होती लेकिन एंट्री परमिट और तय सस्टेनेबल डेवलपमेंट फीस (SDF) का भुगतान करना होता है.
म्यांमार
भारत के उत्तर-पूर्व से सटा म्यांमार अपनी प्राचीन संस्कृति, बौद्ध मंदिरों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है. यहां ऐतिहासिक धरोहरों के साथ शांत माहौल भी देखने को मिलता है. यहां घूमने की प्रमुख जगहों में यांगून, बागान और इनले झील शामिल हैं. नवंबर से फरवरी के बीच का समय यहां घूमने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है.
वीजा: भारतीय नागरिकों को म्यांमार घूमने के लिए e-Visa की जरूरत होती है, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है.
श्रीलंका
अगर आप समुद्र तट, पहाड़ और ऐतिहासिक जगहों का आनंद एक ही ट्रिप में लेना चाहते हैं तो श्रीलंका आपके लिए शानदार डेस्टिनेशन हो सकता है. भारत से यहां सीधी फ्लाइट आसानी से मिल जाती है. यहां घूमने की प्रमुख जगहों में सिगिरिया, कैंडी, नुवारा एलिया और गॉल शामिल हैं. दिसंबर से अप्रैल दक्षिण और पश्चिमी श्रीलंका घूमने के लिए सबसे अच्छा समय माना जाता है, जबकि मई से सितंबर के बीच पूर्वी तट की यात्रा करना बेहतर रहता है.
वीजा: भारतीय नागरिकों को श्रीलंका घूमने के लिए यात्रा से पहले वीजा या लागू नियमों के अनुसार यात्रा अनुमति लेनी होती है.
इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप कम खर्च में विदेश घूमना चाहते हैं तो फ्लाइट टिकट और होटल की बुकिंग 2–3 महीने पहले कर लें. इससे आपको बेहतर डील मिल सकती है और आपकी पूरी यात्रा का कुल खर्च भी काफी कम हो सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क