Best Places to Visit in August 2026: सावन और भादों की रिमझिम फुहारों के बीच, जब आसमान बादलों की मखमली चादर ओढ़ लेता है और धरती पर चारों तरफ हरियाली का एक नया संसार खिल उठता है, तब भारत का नेचर ब्यूटी अपने सबसे जादुई तौर पर नजर आता है. अगस्त के महीने में पूरे देश में मानसून की खूबसूरत फुहारें गिरने लगती हैं. इस बारिश से सूखी नदियां और तालाब पानी से भर जाते हैं, पहाड़ों की ऊंची चोटियों को बादल ढक लेते हैं और झरने अपनी पूरी रफ्तार से बहने लगते हैं.
यदि आप भी शहरी भागदौड़, कंक्रीट के जंगलों और उमस भरे मौसम से दो पल की राहत पाकर किसी ऐसी हसीन और शांत पनाहगाह की तलाश में हैं, जहां रूह को सुकून और आंखों को ठंडक मिल सके, तो अगस्त का यह समय देश की सैर पर निकलने के लिए सबसे मुफीद माना जाता है. इस महीने भारत के कई हिस्से अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के चरम पर होते हैं, जहां की सौंधी मिट्टी की खुशबू, रिमझिम बारिश में नहाए रास्ते और धुंध से घिरी वादियां हर ट्रैवल लवर के दिल को मोह लेती हैं.
तो फिर देर किस बात की? आइए जानते हैं कि अगस्त के इस सुहाने और रूमानी मौसम में भारत की वे कौन-सी बेहतरीन और चुनिंदा जगहें हैं, जहां का ट्रिप आपकी छुट्टियों को हमेशा-हमेशा के लिए यादगार बना सकता है.
अगर आपको हरियाली और चाय के बागान पसंद हैं, तो मुन्नार आपके लिए बेहतरीन विकल्प है. अगस्त में यहां हल्की बारिश के बीच बादलों से घिरी पहाड़ियां और झरने बेहद खूबसूरत दिखाई देते हैं. यहां एराविकुलम नेशनल पार्क, मट्टुपेट्टी डैम और टी म्यूजियम भी घूम सकते हैं.
उदयपुर, राजस्थान
मानसून में झीलों का शहर उदयपुर और भी खूबसूरत हो जाता है. पिछोला झील, फतेह सागर झील, सिटी पैलेस और सज्जनगढ़ मानसून पैलेस का नजारा इस मौसम में देखने लायक होता है.
वैली ऑफ फ्लावर्स, उत्तराखंड
अगर आप प्रकृति प्रेमी हैं तो अगस्त में वैली ऑफ फ्लावर्स जरूर जाएं. इस समय यहां हजारों रंग-बिरंगे फूल खिलते हैं और पूरी घाटी रंगों से भर जाती है. ट्रेकिंग पसंद करने वालों के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है.
कूर्ग को भारत का 'स्कॉटलैंड' भी कहा जाता है. अगस्त में यहां की हरियाली, कॉफी के बागान, झरने और ठंडा मौसम पर्यटकों को खूब आकर्षित करते हैं. एबी फॉल्स, राजा सीट और डुबारे एलिफेंट कैंप यहां के प्रमुख आकर्षण हैं.
लोनावला, महाराष्ट्र
मुंबई और पुणे के पास स्थित लोनावला मानसून में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले हिल स्टेशनों में से एक है. यहां के झरने, पहाड़ और हरियाली लोगों को खूब पसंद आते हैं. वीकेंड ट्रिप के लिए यह शानदार डेस्टिनेशन है.
शिलॉन्ग, मेघालय
मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग अगस्त में बादलों और हरियाली से ढक जाती है. एलीफेंट फॉल्स, उमियम लेक और आसपास के प्राकृतिक नजारे आपकी यात्रा को यादगार बना देंगे.
माउंट आबू, राजस्थान
राजस्थान का इकलौता हिल स्टेशन माउंट आबू मानसून में बेहद सुहावना हो जाता है. नक्की झील में बोटिंग, गुरु शिखर और सनसेट पॉइंट का नजारा इस मौसम में खास होता है.
यात्रा पर जाने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क