आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई तनाव और थकान से परेशान है. ऑफिस का काम, घर की जिम्मेदारियां और शहर का शोर-शराबा हमें मानसिक रूप से थका देता है. ऐसे में हर कोई चाहता है कि कुछ पल ऐसी जगह बिताए जहां सिर्फ शांति हो. अगर आप भी अपने स्ट्रेस को कम करना चाहते हैं और मन की शांति की तलाश में हैं, तो समुद्र के किनारे योग और मेडिटेशन से बेहतर कुछ नहीं है. भारत में कई ऐसे शांत समुद्र तट हैं, जहां लहरों की आवाज के बीच आप खुद को फ्रेश महसूस करेंगे. तो चलिए जानते हैं भारत की उन चुनिंदा जगहों के बारे में बता रहे हैं, जहां की शांति आपका दिल जीत लेगी.
1. वर्कला बीच, केरल
ऊंची चट्टानों और अरब सागर के खूबसूरत नजारों के लिए मशहूर वर्कला बीच योग करने वालों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. इसकी शांति और सुकून भरा माहौल मन को मोह लेता है. अपनी थकान मिटाने के लिए आप यहां के मशहूर आयुर्वेदिक स्पा और योग केंद्रों की मदद भी ले सकते हैं.
यह भी पढ़ें: न कड़ाके की ठंड, न पसीने वाली गर्मी, मार्च में घूमने के लिए जन्नत हैं ये 5 जगहें!
2. मारारी बीच, केरल
अलाप्पुझा के पास बसा यह छोटा सा गांव और इसका समंदर किनारा शांति के मामले में बेमिसाल है. चारों तरफ नारियल के ऊंचे पेड़ और दूर-दूर तक फैली नीली लहरें मन को गहराई तक सुकून देती हैं. प्रकृति के एकदम करीब होने की वजह से योग का आनंद लेने के लिए इससे बेहतर जगह शायद ही कोई और हो.
अगर आप गोवा की भीड़भाड़ से ऊब चुके हैं, तो कर्नाटक का गोकर्ण एक बेहतरीन विकल्प है. खास तौर पर ओम बीच और कुडले बीच अपनी साफ-सफाई और शांति के लिए जाने जाते हैं. कम भीड़भाड़ होने की वजह से इन तटों पर बिना किसी शोर-शराबे के आराम से बैठकर ध्यान लगाया जा सकता है.
4. अगोंडा बीच, गोवा
गोवा का नाम सुनते ही पार्टी और शोर याद आता है, लेकिन दक्षिण गोवा का अगोंडा बीच बिल्कुल अलग है. यहां एकांत चाहने वालों की भीड़ लगी रहती है. योग और आत्मचिंतन के लिए यह गोवा की सबसे बेहतरीन जगहों में से एक है.
यह भी पढ़ें: भारत के वो 5 शहर, जहां की होली देखने दुनिया भर से आते हैं लोग
5. राधानगर बीच, अंडमान
एशिया के सबसे खूबसूरत बीचों में गिना जाने वाला अंडमान का राधानगर बीच अपनी सफेद रेत के लिए मशहूर है. यहां की खूबसूरती और सन्नाटा आपको एक अलग ही दुनिया में ले जाएगा. मेडिटेशन के लिए इससे सुंदर जगह शायद ही कोई और हो.
aajtak.in