होली का नाम सुनते ही दिमाग में रंग, गुलाल और मस्ती घूमने लगती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में कुछ जगहें ऐसी हैं, जहां होली सिर्फ एक त्योहार नहीं बल्कि एक अलग ही एहसास है. अगर आप इस बार घर पर वही पुराना रंग-पानी खेल कर बोर नहीं होना चाहते, तो भारत के इन शहरों का रुख करें. यहां की परंपराएं और जश्न देखने के लिए दुनिया भर से लोग आते हैं. तो चलिए जानते हैं उन जगहों के बारे में, जहां की होली आपका साल यादगार बना देगी.
1. मथुरा-वृंदावन
अगर आपको असली होली देखनी है, तो कान्हा की नगरी मथुरा और वृंदावन से बेहतर शायद ही कोई जगह हो. यहां होली एक या दो दिन नहीं, बल्कि कई दिनों तक चलती है. इस जगह की सबसे खास बात यहां के मंदिरों में होने वाली फूलों की होली और गुलाल की बारिश है, जो आपको एक अलग ही दुनिया में ले जाती है. इतना ही नहीं, यहां के भजन-कीर्तन और लोगों का जबरदस्त उत्साह देखकर आप भी पूरी तरह भक्ति के रंग में रंग जाएंगे.
यह भी पढ़ें: मार्च में बादाम के फूलों से गुलज़ार होता है श्रीनगर का यह ऐतिहासिक बाग!
2. बरसाना
मथुरा के पास बसे बरसाना की लठमार होली पूरी दुनिया में मशहूर है. यहां की परंपरा बड़ी ही दिलचस्प है, जहां महिलाएं लाठियां चलाकर अपनी शक्ति दिखाती हैं और पुरुष ढाल लेकर अपना बचाव करते हैं. सबसे खास बात यह है कि यह सब बहुत ही हंसी-मजाक और प्यार भरे माहौल में होता है. इस रोमांचक और यादगार नजारे को देखने के लिए हर साल हजारों की संख्या में सैलानी बरसाना पहुंचते हैं.
3. जयपुर और उदयपुर
राजस्थान की होली में आपको असली राजसी ठाट-बाट देखने को मिलता है. यहां जयपुर में पारंपरिक लोक नृत्य और लजीज राजस्थानी पकवानों के साथ होली का जश्न मनाया जाता है. वहीं, झीलों के शहर उदयपुर की बात ही अलग है, जहां मेवाड़ का राजपरिवार भव्य कार्यक्रमों का आयोजन करता है. इस दौरान राजमहल से निकलने वाला शाही जुलूस वाकई देखने लायक होता है. अगर आप इस बार होली को बिल्कुल रॉयल अंदाज में मनाना चाहते हैं, तो राजस्थान आपके लिए बेस्ट जगह है.
4. शांतिनिकेतन
पश्चिम बंगाल के शांति निकेतन में होली को बसंत उत्सव के तौर पर मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत खुद गुरुदेव रबींद्रनाथ टैगोर ने की थी. यहां का नजारा बाकी जगहों से बिल्कुल अलग होता है, जहां लोग पीले कपड़े पहनकर नाचते-गाते हुए एक-दूसरे को अबीर लगाते हैं. यहां का माहौल इतना कलात्मक और शांति भरा होता है कि इसे देखकर आपका मन खुश हो जाएगा. अगर आप भीड़भाड़ से दूर शालीनता से होली मनाना चाहते हैं, तो शांतिनिकेतन से बेहतर कुछ नहीं.
यह भी पढ़ें: इस होटल में होगी रश्मिका और विजय की शादी,जानें क्यों है यह इतना खास
5. दिल्ली
अगर आप उन लोगों में से हैं, जिन्हें होली पर म्यूजिक, डांस और जमकर पार्टी करना पसंद है, तो दिल्ली आपके लिए बेस्ट जगह है. यहां के 'होली मू' जैसे फेस्टिवल्स में लाइव म्यूजिक और नेचुरल रंगों के साथ एकदम मॉडर्न अंदाज में जश्न मनाया जाता है. इतना ही नहीं, दिल्ली की गलियों में मिलने वाले लजीज पकवान और यहां की सामुदायिक होली में आपको हर तरह के रंग और मस्ती देखने को मिल जाएगी. कुल मिलाकर, दिल्ली की होली में आपको परंपरा और पार्टी का जबरदस्त मेल मिलता है.
aajtak.in