भारत सरकार की एजेंसी UIDAI ने एडवाइजरी जारी करके बताया है कि आज यानी 30 जून से mAadhaar ऐप काम नहीं करेगा. ऐप ओपन करने पर ऐप डिस्कनटिन्यू का मैसेज दिख रहा है. एजेंसी ने लोगों से नया आधार ऐप डाउनलोड करने को कहा है.
अगर आपने नया Aadhaar App डाउनलोड तो कर लिया है, लेकिन अभी तक उसे सेटअप नहीं किया है, तो यह खबर आपके काम की है. सिर्फ ऐप डाउनलोड करना काफी नहीं है.
यह भी पढ़ें: New Aadhaar app download: आज से mAadhaar ऐप बंद, UIDAI ने कहा तुंरत डाउनलोड करें न्यू ऐप
जब तक आप उसे सही तरीके से सेटअप नहीं करेंगे, तब तक आधार से जुड़ी कई सर्विसेज का इस्तेमाल करने में दिक्कत आ सकती है. mAadhaar ऐप अब बंद हो चुका है और अब से UIDAI का नया आधार ऐप ही इस्तेमाल किया जाएगा. ऐसे में अगर आपने अभी तक नया ऐप सेटअप नहीं किया है, तो इसे तुरंत पूरा कर लेना चाहिए.
How to setup new Aadhaar App
UIDAI यानी भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने पहले ही नया Aadhaar App लॉन्च किया था. ये ऐप प्ले स्टोर और ऐप स्टोर पर अवेलेबल है. इसमें पहले के मुकाबले कई नए फीचर्स दिए गए हैं.
फेस ऑथेन्टिकेशन, क्यूआर कोड के जरिए आधार शेयर करना और बायोमेट्रिक लॉक जैसे फीचर अब इसी ऐप में मिलेंगे. लेकिन इन सुविधाओं का इस्तेमाल तभी किया जा सकेगा, जब ऐप सही तरीके से सेटअप हो.
नया आधार ऐप सेटअप करने के लिए सबसे पहले अपने एंड्रॉयड फोन में Google Play Store या आईफोन में App Store खोलें. यहां Aadhaar App सर्च करें और UIDAI का ऑफिशियल ऐप डाउनलोड करें.
यह भी पढ़ें: अब बिना मोबाइल नंबर बताए करें WhatsApp Chat, कंपनी ने लॉन्च किया बड़ा प्राइवेसी फीचर
ऐप इंस्टॉल करने के बाद उसे ओपन करें. सबसे पहले आपको अपनी भाषा चुननी होगी. यह ऐप 12 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है, इसलिए आप अपनी पसंद की भाषा चुन सकते हैं. इसके बाद शर्तों को स्वीकारें और ऐप को कैमरा और सिम की परमिशन दें.
नया आधार ऐप सेटअप कैसे करें?
अब अगला स्टेप सबसे जरूरी है. यहां आपको अपना 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद ऐप आपके फोन में मौजूद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर वाले SIM स्लॉट को चुनने के लिए कहेगा. सही SIM चुनते ही ऐप अपने आप उसका वेरिफिकेशन कर देगा.
इसके बाद फेस ऑथेन्टिकेशन का स्टेप आएगा. अच्छी रोशनी वाली जगह पर फोन को अपने चेहरे के सामने रखें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें. जैसे ही फेस ऑथेन्टिकेशन पूरा होगा, आपकी आधार प्रोफाइल ऐप में रजिस्टर हो जाएगी.
अब आखिरी स्टेप में आपको 6 अंकों का PIN बनाना होगा. आगे जब भी आप ऐप खोलेंगे या आधार से जुड़ी कोई सेवा इस्तेमाल करेंगे, यही PIN काम आएगा. इसलिए ऐसा PIN चुनें जिसे आप आसानी से याद रख सकें, लेकिन दूसरे लोग उसका अंदाजा न लगा सकें.
फेस ऑथेन्टिकेशन
सेटअप पूरा होने के बाद आप ऐप से QR Code के जरिए आधार शेयर कर सकते हैं, फेस ऑथेन्टिकेशन का इस्तेमाल कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर अपने बायोमेट्रिक को लॉक या अनलॉक भी कर सकते हैं. नए ऐप में आधार की पूरी जानकारी हर जगह शेयर करने की जरूरत भी नहीं होगी. जहां जितनी जानकारी चाहिए होगी, उतनी ही जानकारी शेयर की जा सकेगी.
अगर आपने अभी तक नया आधार ऐप सिर्फ डाउनलोड करके छोड़ दिया है, तो आज ही उसका सेटअप पूरा कर लें. इसमें सिर्फ कुछ मिनट लगते हैं और बाद में आधार से जुड़ी किसी भी सेवा का इस्तेमाल करते समय आपको परेशानी नहीं होगी.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क