अगर आपने कभी ChatGPT से अपनी ब्लड टेस्ट रिपोर्ट या मेडिकल रिपोर्ट समझाने की कोशिश की है, तो अब यह काम पहले से आसान होने वाला है. OpenAI ने Health in ChatGPT नाम का नया फीचर लॉन्च किया है.
इसकी मदद से यूजर अपनी मेडिकल रिपोर्ट, अस्पताल के रिकॉर्ड और ऐपल हेल्थ का डेटा सीधे ChatGPT से जोड़ सकेंगे. इसके बाद ChatGPT उसी जानकारी के आधार पर सवालों के जवाब देगा और हेल्थ से जुड़ी बातें आसान भाषा में समझाएगा.
फिलहाल यह फीचर अमेरिका में 18 साल या उससे ज्यादा उम्र के यूजर्स के लिए जारी किया गया है. इसे वेब और iPhone पर इस्तेमाल किया जा सकेगा. OpenAI का कहना है कि यह फीचर Free, Go, Plus और Pro प्लान वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा.
अब तक अगर किसी यूजर को अपनी लैब रिपोर्ट समझनी होती थी, तो उसे हर बार पीडीएफ या फोटो अपलोड करनी पड़ती थी. नए हेल्थ फीचर में एक बार मेडिकल रिकॉर्ड ऐड करने के बाद ChatGPT उसी डेटा का इस्तेमाल करके जवाब दे सकेगा.
उदाहरण के लिए, अगर किसी की नई ब्लड रिपोर्ट आई है तो ChatGPT उसे पुरानी रिपोर्ट से तुलना करके बता सकता है कि क्या बदला है. अगर डॉक्टर ने कोई मेडिकल नोट लिखा है, तो उसे आसान भाषा में समझा सकता है. यह डॉक्टर से मिलने से पहले पूछे जाने वाले सवाल भी तैयार करने में मदद कर सकता है.
अगर आपके पास ऐपल वॉच या iPhone है और आप ऐपल हेल्थ इस्तेमाल करते हैं, तो ChatGPT आपकी नींद, चलने-फिरने, एक्सरसाइज और दूसरी हेल्थ जानकारी को भी समझ सकेगा. अगर कोई फिटनेस या न्यूट्रिशन ऐप ऐपल हेल्थ के साथ डेटा शेयर करता है, तो वह जानकारी भी ChatGPT तक पहुंच सकती है. इससे यूजर अपने हेल्थ डेटा को एक जगह देखकर बेहतर तरीके से समझ पाएंगे.
OpenAI का कहना है कि यह फीचर डॉक्टर की जगह लेने के लिए नहीं बनाया गया है. इसका मकसद सिर्फ लोगों को अपनी हेल्थ रिपोर्ट और मेडिकल जानकारी समझने में मदद करना है. कंपनी ने साफ कहा है कि इलाज या बीमारी का फैसला हमेशा डॉक्टर की सलाह से ही लेना चाहिए.
हेल्थ डेटा को लेकर लोगों की सबसे बड़ी चिंता प्राइवेसी होती है. OpenAI का दावा है कि मेडिकल रिकॉर्ड और ऐपल हेल्थ का डेटा अलग सुरक्षा के साथ रखा जाएगा.
कंपनी ने कहा है कि इस डेटा का इस्तेमाल ChatGPT के AI मॉडल को ट्रेन करने या ऐड्स दिखाने के लिए नहीं किया जाएगा. यूजर यह भी तय कर सकेंगे कि ChatGPT कब और किस बातचीत में उनकी हेल्थ जानकारी का इस्तेमाल करे.
हालांकि इस फीचर के लॉन्च के साथ कुछ सवाल भी उठ रहे हैं. हाल ही में अमेरिका में एक शख्स ने आरोप लगाया कि ChatGPT की मेडिकल सलाह पर भरोसा करने की वजह से उसने समय पर इलाज नहीं कराया. इसके बाद OpenAI ने फिर दोहराया कि ChatGPT सिर्फ जानकारी देने वाला टूल है, डॉक्टर का विकल्प नहीं.
मुन्ज़िर अहमद