सानिया मिर्जा को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही मस्जिद निर्माण की खबरों पर उनके पिता इमरान मिर्जा ने सफाई दी है. उन्होंने इन खबरों को फर्जी बताते हुए कहा कि सानिया की टेनिस अकादमी की जमीन पर कोई मस्जिद नहीं बन रही है.
इमरान मिर्जा ने इस मामले में इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर वायरल खबरों की सच्चाई स्पष्ट की है. उन्होंने कहा कि पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन और सानिया मिर्जा की जो तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, वह AI से बनाई गई है. इस तरह फोटो के जरिए फैलाए जा रहे दावों को उन्होंने गलत बताया है.
यह भी पढ़ें: ऐसे ही नहीं टीम इंडिया मचा रही धमाल! गंभीर अकेले नहीं, पीछे है 16 लोगों की फौज, हर किसी का काम जानकर रह जाएंगे दंग
उन्होंने साफ किया कि जिस जमीन पर सानिया मिर्जा की टेनिस एकेडमी बनी हुई है, वहां मस्जिद निर्माण की कोई बात नहीं है. सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर किए जा रहे दावे गलत हैं. उन्होंने ये भी कहा कि सानिया को अपनी या अपने परिवार द्वारा खरीदी गई किसी भी जमीन को अपनी मर्जी से, जैसे वह उचित समझे, इस्तेमाल करने का पूरा अधिकार है.
सानिया मिर्जा के सामाजिक कार्यों पर भी इमरान मिर्जा ने अपनी बात रखी है. उन्होंने कहा कि सानिया के सामाजिक कार्य उनका निजी और व्यक्तिगत मामला हैं. किसी को भी इसे सार्वजनिक करने का अधिकार नहीं है, खासकर तब जब सानिया ने खुद इसकी पुष्टि न की हो.
इमरान मिर्जा की इस सफाई के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों पर स्थिति स्पष्ट हो गई है. उन्होंने लोगों को गलत जानकारी और AI से तैयार की गई तस्वीरों के आधार पर किसी परिणाम पर पहुंचने से बचने का संदेश दिया है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क