फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के दौरान स्टेडियमों में प्रवेश करने वाले दर्शक अब अपनी री-यूजेबल पानी की बोतलें साथ नहीं ले जा सकेंगे. FIFA ने टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले अपने स्टेडियम कोड ऑफ कंडक्ट में बदलाव करते हुए यह फैसला लिया है.
नया नियम मंगलवार से लागू हो चुका है. फुटबॉल वर्ल्ड कप 11 जून से 19 जुलाई तक खेला जाएगा और इसकी मेजबानी संयुक्त रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको कर रहे हैं.
इससे पहले FIFA (Federation Internationale de Football Association/International Federation of Association Football) ने खाली और पारदर्शी प्लास्टिक की री-यूजेबल बोतलों को स्टेडियम के अंदर ले जाने की अनुमति दी थी, लेकिन अब संशोधित नियमों के तहत ऐसी बोतलों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.
FIFA ने रॉयटर्स को जारी बयान में कहा कि खिलाड़ियों, रेफरी, दर्शकों, स्वयंसेवकों और स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. संस्था के मुताबिक बोतलों का इस्तेमाल फेंकने या अन्य जोखिम पैदा करने के लिए किया जा सकता है, इसलिए संभावित चोट और सुरक्षा खतरों को रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है.
FIFA ने यह भी बताया कि जिन स्टेडियमों में मैच खेले जाएंगे, उनमें से कई जगहों पर पहले से ही बाहरी बोतलें ले जाने पर बैन था. अब पूरे टूर्नामेंट में एक समान सुरक्षा मानक लागू करने के लिए यह नियम सभी वर्ल्ड कप स्टेडियमों पर लागू किया गया है.
हालांकि इस फैसले के बाद फैन्स के बीच गर्मी और पीने के पानी की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है. टूर्नामेंट के दौरान कुछ मेजबान शहरों में तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
इन चिंताओं पर FIFA ने कहा है कि दर्शकों के लिए व्यापक हीट मैनेजमेंट व्यवस्था की जाएगी. स्टेडियम परिसरों के आसपास मिस्टिंग स्टेशन, बड़े पंखे, हाइड्रेशन स्टेशन, कूलिंग टेंट और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि गर्म मौसम का असर कम किया जा सके.
साथ ही FIFA ने स्पष्ट किया कि स्टेडियम के अंदर बिकने वाले पानी की कीमतें उन स्टेडियमों में होने वाले अन्य आयोजनों के समान ही रहेंगी और वर्ल्ड कप के लिए अलग से कीमतें नहीं बढ़ाई जाएंगी.
2026 FIFA वर्ल्ड कप का आयोजन अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में 11 जून से 19 जुलाई तक होगा. इस बार टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा लेंगी. मुकाबलों की संख्या भी 64 से बढ़कर 104 हो जाएगी और पहली बार एक अतिरिक्त नॉकआउट राउंड भी खेला जाएगा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क