फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे की हार के बाद विवाद खड़ा हो गया है. 12 जुलाई (रविवार) को इंग्लैंड ने रोमांचक मुकाबले में नॉर्वे को 2-1 से हराकरर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया. मैच के बाद स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड के पिता और पूर्व फुटबॉलर अल्फ-इंगे हालैंड ने रेफरी के फैसलों पर सवाल खड़े कर दिए. नॉर्वे की टीम मैच के दौरान दो बड़े फैसलों से नाराज नजर आई और हार के बाद यह विवाद सोशल मीडिया पर भी छा गया.
मियामी में खेले गए मुकाबले में जूड बेलिंगहैम इंग्लैंड की जीत के हीरो रहे. उन्होंने दो गोल दागे, जिसमें एक्स्ट्रा टाइम में किया गया विजयी गोल भी शामिल था. नॉर्वे ने एंड्रियास शेल्डरुप के गोल की मदद से पहले हाफ में बढ़त हासिल की थी, लेकिन इंग्लैंड ने वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया.
मैच खत्म होने के बाद मशहूर फुटबॉल पत्रकार फैब्रिजियो रोमानो ने सोशल मीडिया पर जूड बेलिंगहैम की तारीफ करते हुए एक पोस्ट शेयर किया. इस पोस्ट पर एर्लिंग हालैंड के पिता अल्फ-इंगे हालैंड ने व्यंग्यात्मक प्रतिक्रिया दी. अल्फ-इंगे ने लिखा, 'बेलिंगहैम और रेफरी को शाबाशी.'
नॉर्वे की टीम मैच में दो बड़े फैसलों को लेकर नाराज थी. पहला विवाद इंग्लैंड के बराबरी वाले गोल से पहले हुआ. एक गोल-किक हवा में लगे ओवरहेड कैमरा केबल को छूती हुई नजर आई और इसके बाद गेंद इंग्लैंड के कब्जे में पहुंच गई. नॉर्वे के खिलाड़ियों का मानना था कि खेल को रोक दिया जाना चाहिए था, लेकिन अधिकारियों ने मुकाबला जारी रखा.
फीफा ने क्या कहा?
मैच के बाद फीफा ने इस मामले पर स्पष्टीकरण जारी किया. फीफा के मुताबिक कनेक्टेड बॉल में लगे सेंसर से ऐसा कोई संकेत नहीं मिला, जिससे साबित हो कि गेंद ने ओवरहेड वायर को छुआ या उसकी दिशा में किसी तरह का बदलाव हुआ था. इसी आधार पर अधिकारियों ने मैदान पर लिए गए फैसले को सही बताया. नॉर्वे की नाराजगी दूसरे हाफ में और बढ़ गई. 55वें मिनट में टोरब्योर्न हेगेम ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया. ऐसा लगा कि नॉर्वे ने एक बार फिर बढ़त हासिल कर ली है. हालांकि, VAR के दखल के बाद गोल को रद्द कर दिया गया.
अधिकारियों ने माना कि कॉर्नर लिए जाने से पहले एर्लिंग हालैंड ने इलियट एंडरसन के खिलाफ फाउल किया था. इस फैसले से नॉर्वे के खिलाड़ी और समर्थक नाराज नजर आए. नॉर्वे ने मुकाबले में 36वें मिनट में बढ़त हासिल की थी. हैरी केन के गेंद गंवाने के बाद शेल्डरुप ने शानदार बाएं पैर के शॉट से गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया. हालांकि, पहले हाफ के इंजरी टाइम में इंग्लैंड ने वापसी की. एंथोनी गॉर्डन से मिले पास को बेलिंगहैम ने गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया.
निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं और मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में पहुंच गया. एक्स्ट्रा टाइम के तीसरे मिनट में मॉर्गन रोजर्स के लंबी दूरी से लगाए गए शॉट को नॉर्वे के गोलकीपर ओरजान नाइलैंड ठीक से नहीं रोक सके. बेलिंगहैम ने मौके का फायदा उठाते हुए गेंद को गोल में पहुंचा दिया और इंग्लैंड को 2-1 की बढ़त दिला दी.
इसके बाद नॉर्वे वापसी नहीं कर सका और उसका ऐतिहासिक वर्ल्ड कप अभियान क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया. स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड को एक्स्ट्रा टाइम के दौरान सब्स्टीट्यूट कर दिया गया. इसके साथ ही लगातार 14 प्रतिस्पर्धी इंटरनेशनल मुकाबलों में गोल करने का उनका शानदार सिलसिला भी खत्म हो गया.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क