आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अपनी टीम में कई बड़े बदलाव कर दिए हैं. कोचिंग स्टाफ के बाद अब टीम के खिलाड़ियों को लेकर भी कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं. चेन्नई का प्रदर्शन पिछले सीजन बेहद निराशाजनक रहा था.
टीम के नए हेड कोच जहीर खान ने चेन्नई में अपनी पहली औपचारिक बैठक करने के बाद अब मुंबई का रुख कर लिया है. जहीर मुंबई में टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी से मुलाकात करने वाले हैं. 15 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन से ठीक पहले होने वाली यह मीटिंग सीएसके के भविष्य की दिशा तय करने वाली है.
इस बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या सीएसके अपने उन दो युवा धुरंधरों प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को रिटेन करेगी. इन दोनों खिलाड़ियों को पिछले मेगा ऑक्शन में फ्रेंचाइजी ने 14.20-14.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत पर खरीदा था.
धोनी और जहीर के बीच होगी मुलाकात
स्टीफन फ्लेमींग के जाने और कोचिंग स्टाफ में बड़े पैमाने पर बदलाव के बाद अब पूरी जिम्मेदारी जहीर खान के कंधों पर है. सरे के पूर्व कोच गैरेथ बैटी और अल्बी मोर्कल जैसे नए चेहरों को कोचिंग स्टाफ में शामिल करने के बाद जहीर अब मुंबई में थाला के साथ आमने-सामने बैठकर खिलाड़ियों की लिस्ट पर मंथन करेंगे.
यह मुलाकात इसलिए भी बेहद अहम है क्योंकि पिछले सीजन में प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली चेन्नई इस बार अपनी कोर टीम में बड़ा फेरबदल करने का मन बना चुकी है. विदेशी खिलाड़ियों के प्रदर्शन से लेकर पर्स बैलेंस करने तक धोनी और जहीर का यह फैसला तय करेगा कि कौन रुकेगा और किसका पत्ता कटेगा.
प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा का क्या होगा?
बाएं हाथ के युवा स्पिन ऑलराउंडर प्रशांत वीर और युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को लेकर भी चर्चाएं जोरों पर है. महज 30 लाख रुपये के बेस प्राइस वाले प्रशांत वीर को सीएसके ने 14.20 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाकर आईपीएल इतिहास का संयुक्त रूप से सबसे महंगा अनकैप्ड खिलाड़ी बनाया था. उन्हें रवींद्र जडेजा के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है. कार्तिक शर्मा को भी चेन्नई ने 14.20 करोड़ रुपये की मालामाल कीमत पर अपनी टीम से जोड़ा था.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क