आईपीएल में लगातार 4 मैच में मिली हार के बाद सोमवार को मुंबई इंडियंस ने गुजरात के खिलाफ जीत हासिल की. लेकिन अब मुंबई को एक और गुड न्यूज मिली है. मुंबई इंडियंस को 23 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होने वाले आईपीएल 2026 मैच से पहले बड़ी राहत मिली है. क्रिकबज के अनुसार, विल जैक्स अब टीम से जुड़ गए हैं और साथियों के साथ ट्रेनिंग करते हुए देखे गए.
27 वर्षीय जैक्स ने व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के बाद छोटा ब्रेक लिया था. उन्होंने एशेज सीरीज में इंग्लैंड के लिए पांच में से चार टेस्ट खेले थे, इसके बाद श्रीलंका दौरे और आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया.
टी20 वर्ल्ड कप में जैक्स इंग्लैंड के बेहतरीन खिलाड़ियों में शामिल रहे. हालांकि टीम सेमीफाइनल में भारत से हार गई, लेकिन उन्होंने चार बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता. उन्होंने इस टूर्नामेंट में 226 रन बनाए और 9 विकेट लिए, जिससे उनकी ऑलराउंड क्षमता साफ दिखी. उनके मुंबई टीम से जुड़ने का लंबे समय से इंतजार था, लेकिन व्यस्त शेड्यूल के कारण उन्होंने पहले आराम किया.
यह भी पढ़ें: पहला ओवर, पहली गेंद, पहला वार... गेमचेंजर जसप्रीत बुमराह ने पलट दी मुंबई इंडियंस की IPL में कहानी
मुंबई ने तोड़ा हार का सिलसिला
मुंबई इंडियंस ने सोमवार को शानदार वापसी करते हुए लगातार चार हार का सिलसिला खत्म किया. टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराया.
मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199/5 का स्कोर बनाया, जिसमें तिलक वर्मा ने 45 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए. उन्होंने आखिरी 23 गेंदों में 82 रन बनाकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: 7 छक्के, 8 चौके और पहला शतक, तिलक वर्मा के तूफान में कई रिकॉर्ड हुए ध्वस्त
इसके बाद गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात को 15.5 ओवर में 100 रन पर ऑलआउट कर दिया. अश्विनी कुमार ने 4 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने साई सुदर्शन को आउट कर इस सीजन का अपना पहला विकेट लिया.
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस 10वें स्थान से 7वें स्थान पर पहुंच गई है. टीम का नेट रन रेट भी +0.067 हो गया है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क