इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन से पहले दो फ्रेंचाइजियों के बीच एक बड़ा खिलाड़ी ट्रेड कर लिया गया है. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम ने आईपीएल 2027 से पहले बड़ा फैसला लिया है.
इस ट्रेड के तहत बाएं हाथ के घातक तेज गेंदबाज टी नटराजन एक बार फिर अपनी पुरानी टीम सनराइजर्स हैदराबाद में लौट आए हैं. जबकि युवा लेग स्पिनर जीशान अंसारी अब दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी में नजर आएंगे.
'यॉर्कर किंग' के नाम से मशहूर टी नटराजन ने साल 2020 से 2024 तक लगातार पांच सीजन तक सनराइजर्स हैदराबाद का प्रतिनिधित्व किया था. इसी टीम ने उन्हें आईपीएल का सबसे असरदार गेंदबाज बनाया था.
साल 2024 के सीजन में उन्होंने कमाल का प्रदर्शन करते हुए 19 विकेट झटके थे. यह उस सीजन के दौरान किसी भी हैदराबाद के गेंदबाज द्वारा लिया गया सबसे ज्यादा विकेट था. नटराजन की इसी गेंदबाजी के दम पर टीम फाइनल तक का सफर तय करने में कामयाब रही थी.
बता दें कि टाटा आईपीएल 2025 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 10.75 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत में खरीदा था, लेकिन अब इस ट्रेड के तहत वह 5 करोड़ रुपये की संशोधित फीस पर वापस हैदराबाद की टीम से जुड़ रहे हैं. नटराजन ने अपने आईपीएल करियर के 73 मैचों में 72 विकेट लिए हैं. इस दौरान उनका बेस्ट परफॉर्मेंस 19 रन देकर 4 विकेट रहा है.
दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े लेग स्पिनर जीशान अंसारी
दूसरी तरफ युवा लेग स्पिनर जीशान अंसारी अब दिल्ली कैपिटल्स की टीम में शामिल हो गए हैं. जीशान ने आईपीएल 2025 के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 10 मुकाबले खेले थे. उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत बेहद धमाकेदार अंदाज में की थी.
जीशान अंसारी के आने से दिल्ली कैपिटल्स की स्पिन गेंदबाजी को काफी मजबूती मिलेगी, खासकर तब जब कुलदीप यादव को लखनऊ सुपर जायंट्स में ट्रेड किया जा चुका है.
कुलदीप के टीम से बाहर होने के बाद अंसारी फ्रेंचाइजी को अपने गेंदबाजी आक्रमण को नए सिरे से तैयार करने के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन देंगे.
वह अपनी मौजूदा 40 लाख रुपये की फीस पर टीम से जुड़ रहे हैं, जिससे दिल्ली को कम कीमत में एक ऐसा खिलाड़ी मिल गया है जो उनके स्पिन डिपार्टमेंट को गहराई दे सकता है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क