'रावलपिंडी एक्सप्रेस' के नाम से मशहूर पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके बड़े भाई शाहिद अख्तर का निधन हो गया है. इस दुखद खबर की जानकारी खुद शोएब अख्तर ने सोशल मीडिया के जरिए दी. उन्होंने भावुक संदेश शेयर करते हुए बताया कि उनके बड़े भाई अब इस दुनिया में नहीं रहे. साथ ही उन्होंने कहा कि नमाज-ए-जनाजा का समय और स्थान जल्द साझा किया जाएगा.
शाहिद अख्तर सिर्फ शोएब के बड़े भाई ही नहीं थे, बल्कि उनके जीवन और क्रिकेट करियर के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक थे. जब शोएब अपने करियर के शुरुआती दौर में संघर्ष कर रहे थे, तब शाहिद ने हर कदम पर उनका साथ दिया. पाकिस्तान की नेशनल टीम तक पहुंचने के सफर में उन्होंने छोटे भाई का हौसला बढ़ाया और मुश्किल परिस्थितियों में हमेशा उनके साथ खड़े रहे.
शोएब अख्तर का इंटरनेश करियर जितना शानदार रहा, उतना ही विवादों से भी घिरा रहा. हालांकि हर चुनौतीपूर्ण दौर में शाहिद अख्तर उनके सबसे बड़े सपोर्टर बने रहे. चाहे मैदान के भीतर की चुनौतियां हों या मैदान के बाहर के विवाद, शाहिद ने हमेशा अपने भाई का बचाव किया और उन्हें मानसिक मजबूती दी.
दोनों भाइयों के बीच बेहद खास रिश्ता था. उनके बीच गहरा भरोसा और आपसी सम्मान था. शाहिद परिवार के महत्वपूर्ण फैसलों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे. वर्ष 2014 में शोएब अख्तर की शादी की खबर सबसे पहले शाहिद अख्तर ने ही सार्वजनिक की थी, जिससे दोनों के करीबी रिश्ते का अंदाजा लगाया जा सकता है.
यह नुकसान शोएब अख्तर के लिए इसलिए भी ज्यादा दर्दनाक है क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में वह पहले ही एक बड़ा पारिवारिक सदमा झेल चुके हैं. वर्ष 2021 में उनकी मां का निधन हो गया था, जिसका उन पर गहरा असर पड़ा था. अब बड़े भाई के निधन ने उन्हें एक और गहरे दुख में डाल दिया है.
शाहिद अख्तर के निधन की खबर सामने आते ही क्रिकेट जगत, शोएब के फैन्स और शुभचिंतकों ने सोशल मीडिया पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करनी शुरू कर दी हैं. लोग दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दुआ कर रहे हैं और शोएब अख्तर व उनके परिवार को इस कठिन समय में हिम्मत देने की प्रार्थना कर रहे हैं.
शाहिद अख्तर का जाना सिर्फ परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि शोएब अख्तर के जीवन के उस अध्याय का अंत भी है, जिसमें एक बड़े भाई ने हर मुश्किल मोड़ पर अपने छोटे भाई का हाथ थामे रखा. यही वजह है कि यह क्षति शोएब अख्तर के लिए बेहद व्यक्तिगत और भावनात्मक मानी जा रही है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क