'छोटे-मोटे बदलाव से नहीं होगा कुछ', बांग्लादेश से शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान शान मसूद ने मांगी माफी

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-2 से हारने के बाद पाकिस्तान कप्तान शान मसूद ने टीम में बड़े संरचनात्मक बदलाव की जरूरत बताई. पाकिस्तान को लगातार चौथी बार बांग्लादेश से टेस्ट हार मिली, जबकि विदेशी धरती पर यह सातवीं लगातार हार रही. दूसरी ओर सलमान आगा पर ICC ने आचार संहिता उल्लंघन के लिए डिमेरिट प्वाइंट लगाया.

Advertisement
पाकिस्तान टेस्ट टीम में मचेगा भूचाल? कप्तानी पर भी बोले मसूद- फैसला बोर्ड लेगा ( Photo: X/@@BCBtigers) पाकिस्तान टेस्ट टीम में मचेगा भूचाल? कप्तानी पर भी बोले मसूद- फैसला बोर्ड लेगा ( Photo: X/@@BCBtigers)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • स‍िलहट ,
  • 20 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:04 PM IST

पाकिस्तानी टीम के टेस्ट कप्तान शान मसूद ने बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मिली शर्मनाक हार के बाद साफ कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट में अब सिर्फ छोटे-मोटे बदलाव से काम नहीं चलेगा, बल्कि ढांचागत सुधार की जरूरत है. बांग्लादेश ने सिलहट टेस्ट में 78 रन से जीत दर्ज करते हुए दो मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली.

Advertisement

यह पाकिस्तान की बांग्लादेश के खिलाफ लगातार चौथी टेस्ट हार रही. इतना ही नहीं, टीम ने विदेशी धरती पर लगातार सातवां टेस्ट मुकाबला गंवाया है. हार के बाद मसूद ने माना कि टीम को अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में गंभीर आत्ममंथन करना होगा.

मसूद ने कहा- जरूरी बदलाव स्ट्रक्चरल होने चाहिए. इसके लिए जड़ तक जाना होगा और भावनाओं को अलग रखना होगा. हम इस हार से बेहद आहत हैं और फैन्स से माफी मांगते हैं, लेकिन हमें भावुक होकर नहीं बल्कि सुधार की सोच के साथ आगे बढ़ना होगा.

पाकिस्तानी कप्तान ने माना कि दोनों टेस्ट मैचों में उनकी टीम के पास मुकाबले में वापसी करने के मौके थे, लेकिन अहम मौकों पर गलतियों ने टीम को पीछे धकेल दिया. उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में पांच दिनों के दौरान छोटी गलतियां भी बेहद महंगी पड़ती हैं.

Advertisement

मसूद ने यह भी कहा कि वह टीम में पूरी तरह बदलाव करने के पक्ष में नहीं हैं. उनके मुताबिक टीम को पहले यह पहचानना होगा कि वह क्या अच्छा कर रही है और किन कमजोरियों पर काम करने की जरूरत है.

क्या पाक‍िस्तान की कप्तानी छोड़ने वाले हैं शान मसूद 
कप्तानी पर उठ रहे सवालों के बीच मसूद ने अपना पक्ष भी रखा. उन्होंने कहा कि उनका मकसद हमेशा पाकिस्तान टेस्ट क्रिकेट को बेहतर बनाना रहा है और कप्तानी को लेकर अंतिम फैसला बोर्ड का होगा.

उन्होंने कहा- मैंने यह जिम्मेदारी पाकिस्तान टेस्ट क्रिकेट को सुधारने के लिए ली थी. आगे क्या होगा, यह बोर्ड तय करेगा. मैं किसी भी भूमिका में रहूं, हमेशा पाकिस्तान के लिए पूरी ईमानदारी और गर्व के साथ काम करूंगा. 

मसूद ने यह भी स्वीकार किया कि लगातार हार के बाद यह कहना गलत होगा कि सबकुछ ठीक चल रहा है. उन्होंने कहा कि टीम को बिना भावुक हुए यह समझना होगा कि आगे बढ़ने के लिए क्या बदलाव जरूरी हैं.

सलमान आगा पर हुआ आईसीसी का एक्शन 
वहीं सलमान आगा पर ICC ने आचार संहिता उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की है. बांग्लादेश के खिलाफ सिलहट टेस्ट के दौरान सलमान आगा को लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाया गया. ICC के अनुसार सलमान ने इंटरनेशनल मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या मैदान से जुड़े सामान के दुरुपयोग वाले नियम का उल्लंघन किया. यह घटना पाकिस्तान की दूसरी पारी के 82वें ओवर में हुई, जब आउट होने के बाद सलमान पवेलियन लौटते समय बल्ले से विज्ञापन बोर्ड पर प्रहार करते दिखे.

Advertisement

इस मामले में सलमान आगा को आधिकारिक फटकार के साथ एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया है. पिछले 24 महीनों में यह उनका दूसरा अपराध है. इससे पहले मार्च में ढाका वनडे के दौरान भी वह इसी नियम के उल्लंघन के दोषी पाए गए थे.

मैच रेफरी जेफ क्रो ने जो सजा प्रस्तावित की, सलमान ने उसे स्वीकार कर लिया, जिसके बाद औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी. ऑन-फील्ड अंपायर रिचर्ड केटलबरो और अल्लाहुद्दीन पालेकर समेत मैच अधिकारियों ने उन पर आरोप लगाए थे.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement