भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने अपने क्रिकेट करियर को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. संजू सैमसन ने जियोस्टार के शो में कहा, 'मुझे एहसास हुआ कि हमारे देश में हमेशा एक 'रैट रेस' (लगातार प्रतिस्पर्धा) चलती रहती है. इसलिए मैंने 2026 टी20 वर्ल्ड कप से पहले ही तय कर लिया था कि मैं इस दौड़ का हिस्सा नहीं बनूंगा. अब मैं सिर्फ क्रिकेट का आनंद लेना चाहता हूं. भगवान की कृपा से मैंने अपने करियर में बहुत कुछ हासिल किया है.'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं अब 31 साल का हूं और मेरे पास खेलने के लिए कुछ ही साल बचे हैं. इसलिए मैंने फैसला किया है कि अब मैं अपने तरीके से क्रिकेट खेलूंगा. कोई मुझे यह नहीं बताएगा कि कैसे बल्लेबाजी करनी है या क्या करना है. संजू के फैसले अब संजू ही करेगा.'
यह भी पढ़ें: वैभव ने छीन लीं सुर्खियां... क्या अभिषेक शर्मा की जगह अब खतरे में है?
सैमसन ने कहा, 'मैं टीम के लिए हमेशा अच्छा साथी बनूंगा, टीम का पूरा समर्थन करूंगा और अपना 100 प्रतिशत दूंगा, लेकिन यह सब अपने अंदाज में करूंगा.'
2026 टी20 वर्ल्ड कप को लेकर उन्होंने कहा, '2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि मैं 2026 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा बनूंगा. एक समय तो मैं 14-15 खिलाड़ियों की संभावित टीम में भी नहीं था. ऐसे में 2028 के बारे में अभी से सोचने का कोई मतलब नहीं है.'
यह भी पढ़ें: LSG मालिक संजीव गोयनका की नई पारी, इंग्लैंड में गढ़ेंगे क्रिकेट का भविष्य
उन्होंने अंत में कहा, 'अगर मैं अच्छा खेलता रहूं, टीम को मेरी जरूरत हो और मुझे मौका मिले, तो आगे सब अपने आप होता जाएगा. अगर ऐसा नहीं भी हुआ, तब भी मैं भगवान का शुक्रगुजार रहूंगा. जो मैंने हासिल किया है, उसे कोई मुझसे कभी नहीं छीन सकता.'
सैमसन ने पूर्व कप्तान विराट कोहली की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने बताया कि एक टीम कैंप के दौरान जिम में विराट ने उन्हें फिटनेस और लाइफस्टाइल को लेकर अहम सलाह दी थी.
यह भी पढ़ें: बच्चों की अपनी कप्तान! हरमनप्रीत का दिल छू लेने वाला अंदाज, VIDEO
सैमसन ने कहा कि उन्होंने करीब डेढ़ साल तक उस अनुशासन का पालन किया, लेकिन बाद में उसे लगातार बनाए रखना उनके लिए मुश्किल हो गया. इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल को याद करते हुए सैमसन ने कहा कि लोग उन्हें लगातार जोफ्रा आर्चर के खिलाफ पुराने रिकॉर्ड याद दिला रहे थे, लेकिन उन्हें अपने खेल पर पूरा भरोसा था.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क