पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज में बल्ले से ऐसा धमाका किया कि भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड टूट गया. वहीं उन्होंने विराट कोहली के एक खास कीर्तिमान वाले क्लब की बराबरी कर ली. सीरीज मंगलवार (13 अक्टूबर) को खत्म हुई है.
पाकिस्तान ने यह टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम की. फरहान ने अपनी पहली सीरीज में फुल टाइम T20I कप्तान के तौर पर 238 रन बनाए और तीनों मुकाबलों में अर्धशतक जमाया.
रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए शुरुआती दो मुकाबलों में पाकिस्तान ने श्रीलंका को करारी शिकस्त दी. हालांकि, मंगलवार (13 अक्टूबर) को खेले गए तीसरे मैच में उसे आठ विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद फरहान का शानदार प्रदर्शन सीरीज की सबसे बड़ी उपलब्धि बनकर सामने आया.
अभिषेक शर्मा को पछाड़ा
फरहान ने सीरीज के पहले मुकाबले में 53 गेंदों पर 89 रन बनाए. इसके बाद दूसरे मैच में 73 और तीसरे मुकाबले में 76 रनों की पारी खेली. इस तरह उनके खाते में कुल 238 रन आए.
इसके साथ ही फरहान ने किसी फुल मेंबर टीम के खिलाड़ी द्वारा तीन मैचों की T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के अभिषेक शर्मा के नाम था, जिन्होंने पिछले महीने दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों में 229 रन बनाए थे.
इस सूची में न्यूजीलैंड के कोलिन मुनरो 223 रनों के साथ तीसरे, ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर 217 रनों के साथ चौथे स्थान पर हैं. अफगानिस्तान के हजरतुल्लाह जजई और भारत के श्रेयस अय्यर ने भी तीन मैचों की सीरीज में 204-204 रन बनाए थे.
हालांकि, सभी टीमों को शामिल करने पर तीन मैचों की T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड स्पेन के मोहम्मद इहसान के नाम है. उन्होंने दिसंबर 2025 में क्रोएशिया के खिलाफ 283 रन बनाए थे. ऑस्ट्रिया के करणबीर सिंह इस सूची में 260 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने इसी साल हंगरी के खिलाफ यह प्रदर्शन किया था.
विराट कोहली के खास क्लब में शामिल
श्रीलंका के खिलाफ तीनों मैचों में अर्धशतक लगाने के साथ फरहान ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की. वह द्विपक्षीय T20I सीरीज के तीनों मुकाबलों में 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के आठवें खिलाड़ी बन गए. वह ऐसा करने वाले पाकिस्तान के पहले बल्लेबाज हैं.
इस सूची में भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली का नाम भी शामिल है. कोहली जनवरी 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज के हर मुकाबले में 50 से ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने थे. उन्होंने उस सीरीज में कुल 199 रन बनाए थे.
कोहली के बाद कोलिन मुनरो, डेविड वॉर्नर, निकोलस पूरन, श्रेयस अय्यर, रीजा हेंड्रिक्स और इब्राहिम जादरान भी यह कारनामा कर चुके हैं. अब साहिबजादा फरहान ने भी इस खास सूची में अपनी जगह बना ली है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क