श्रीलंका में होने वाली ट्राई सीरीज से पहले इंडिया A टीम में बड़ा बदलाव किया गया है. चोटिल रियान पराग अब इस दौरे का हिस्सा नहीं होंगे और उनकी जगह अनुभवी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को टीम में शामिल किया गया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गायकवाड़ को सिर्फ स्क्वॉड में जगह ही नहीं दी, बल्कि उन्हें टीम का उपकप्तान भी नियुक्त किया है.
इंडिया A, श्रीलंका A और अफगानिस्तान A के बीच ट्राई सीरीज का आयोजन 9 जून से श्रीलंका में होना है. इस टूर्नामेंट को युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मंच माना जा रहा है.
रियान पराग को पहले इस दौरे के लिए टीम का उपकप्तान बनाया गया था, लेकिन राजस्थान रॉयल्स की ओर से आईपीएल 2026 खेलते हुए उन्हें हैमस्ट्रिंग की समस्या हो गई. चोट के बावजूद पराग ने टीम के लिए सीजन के आखिरी मुकाबलों में हिस्सा लिया, लेकिन अब मेडिकल टीम की सलाह के बाद उन्हें आराम और रिहैब की जरूरत है.
इसी वजह से पराग श्रीलंका दौरे पर नहीं जा सकेंगे. उनकी जगह ऋतुराज गायकवाड़ को मौका दिया गया है. घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले गायकवाड़ अब इंडिया A टीम में उपकप्तान की जिम्मेदारी भी संभालेंगे.
पराग फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस पर काम करेंगे, जहां उनकी रिकवरी और पुनर्वास प्रक्रिया चलेगी.
श्रीलंका दौरे के लिए अपडेटेड इंडिया A स्क्वॉड: तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान और अनुकूल रॉय.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क