'तुम्हारी मेहनत ने तुम्हें सबसे अलग बनाया...', अजिंक्य रहाणे के संन्यास पर रोहित शर्मा हुए भावुक

भारतीय क्रिकेट ने एक ऐसे खिलाड़ी को अलविदा कहा है, जिसने शांत और संयमित रहकर अपने प्रदर्शन से पहचान बनाई. रोहित शर्मा का यह संदेश सिर्फ एक शुभकामना नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के एक भरोसेमंद योद्धा के प्रति सम्मान भी है. विराट कोहली ने भी अजिंक्य रहाणे के योगदान को सराहा.

Advertisement
रहाणे के संन्यास पर रोहित शर्मा का इमोशनल पोस्ट. (Photo: AFP) रहाणे के संन्यास पर रोहित शर्मा का इमोशनल पोस्ट. (Photo: AFP)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 31 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:54 AM IST

अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार (30 जुलाई) को क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था.  संन्यास लेने के बाद रहाणे को लेकर साथी खिलाड़ियों और पूर्व क्रिकेटरों की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. इस बीच भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी एक भावुक पोस्ट शेयर कर रहाणे को शानदार करियर के लिए बधाई दी. रोहित और रहाणे ने मुंबई क्रिकेट से लेकर भारतीय टीम तक कई यादगार पल साथ बिताए हैं. दोनों लंबे समय तक टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रहे और कई ऐतिहासिक जीतों के गवाह बने.

Advertisement

रोहित शर्मा ने X पर लिखा, 'हमने कई सालों तक ड्रेसिंग रूम शेयर किया है और मैं जानता हूं कि तुम्हारी जो उपलब्धि हासिल की है, उसके पीछे कितनी मेहनत लगी है. तुम्हारी प्रतिबद्धता और प्रोफेशनलिज्म ने तुम्हें हमेशा सबसे अलग बनाया. शानदार करियर के लिए बधाई. भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं.' 

38 साल के अजिंक्य रहाणे ने स्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो पोस्ट कर अपने क्रिकेटिंग करियर को विराम देने का फैसला सुनाया. उन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने को अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया और कहा कि देश के लिए खेलना उनके लिए हमेशा गर्व की बात रहेगी.

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने भी अजिंक्य रहाणे को शुभमकामनाएं दी. कोहली ने X पर लिखा, 'जिंक्स, शानदार करियर के लिए बधाई हो, दोस्त. तुमने भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है और तुम्हें अपनी जर्नी पर गर्व होना चाहिए. स्लिप में सबसे भरोसेमंद फील्डर और मेरे पसंदीदा टेस्ट बैटिंग पार्टनर, हमेशा तुम्हारी सफलता की कामना करता हूं. ईश्वर तुम्हें आशीर्वाद दें.'

Advertisement

अजिंक्य  रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट मैचों में 5077 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 12 शतक और 26 अर्धशतक निकले. विदेशी परिस्थितियों में उनका प्रदर्शन अक्सर टीम इंडिया की सबसे बड़ी ताकत माना गया. इसके अलावा उन्होंने 90 ओडीआई मैचों में 2962 और 20 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 375 रन स्कोर किए.

अजिंक्य रहाणे के करियर की सबसे यादगार उपलब्धियों में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2020-21 रही. एडिलेड टेस्ट में टीम इंडिया के 36 रनों पर ऑलआउट होने के बाद विराट कोहली स्वदेश लौट गए थे, ऐसे में कप्तानी रहाणे के हाथों में आई. मेलबर्न टेस्ट में उन्होंने शतक जड़कर भारत को शानदार जीत दिलाई. इसके बाद युवा खिलाड़ियों से सजी टीम ने गाबा में ऑस्ट्रेलिया का 32 साल पुराना अजेय रिकॉर्ड तोड़ते हुए सीरीज अपने नाम की.

अजिंक्य रहाणे ने छह टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिसमें भारतीय टीम ने चार मुकाबले जीते और दो मुकाबले ड्रॉ रहे. खास बात यह रही कि उनकी कप्तानी में भारत को एक भी टेस्ट में हार का सामना नहीं करना पड़ा. पांच या उससे अधिक टेस्ट में कप्तानी करने वाले भारतीय कप्तानों में उनका जीत प्रतिशत सबसे बेहतर है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »