अफगानिस्तान की टीम आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज से बाहर होने के बाद अब बड़े बदलावों की तैयारी में है. टीम से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह सुपर-8 में जगह नहीं बना सकी. खासकर न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका से मिली हार टीम पर भारी पड़ी.
कप्तान राशिद खान की अगुवाई में टीम ने कुछ मैचों में अच्छा खेल दिखाया, लेकिन अहम मौकों पर लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी. अब कप्तानी और टीम कॉम्बिनेशन को लेकर सवाल उठ रहे हैं. राशिद खान दुनिया के बेहतरीन टी20 गेंदबाजों में गिने जाते हैं, लेकिन रणनीति और फैसलों को लेकर बोर्ड समीक्षा कर रहा है.
राशिद खान पर गिर सकती है गाज
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) के चीफ एग्जीक्यूटिव नसीब खान ने साफ किया है कि टीम के अंदर बदलावों पर चर्चा चल रही है. उन्होंने कहा कि अगर भविष्य के लिए टीम बनानी है तो बदलाव जरूरी हैं. बोर्ड ने पहले ही हेड कोच, बैटिंग कोच और ट्रेनर बदल दिए हैं. हालांकि कप्तान को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
यह भी पढ़ें: 'रिंकू सिंह अकेले नहीं..', गौतम गंभीर ने टीम हडल में दिया हौसला, बोले- टीम हमेशा साथ
टीम ने हाल ही में अनुभवी कोच रिचर्ड पाइबस को नई जिम्मेदारी दी है. वह पहले पाकिस्तान को 1999 वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचा चुके हैं. उन्होंने जोनाथन ट्रॉट की जगह ली है, जिनका कार्यकाल टी20 वर्ल्ड कप के बाद खत्म हो गया.
क्या है आगे का प्लान
अब आगे का कार्यक्रम भी तय है. अफगानिस्तान की टीम 13 मार्च से शारजाह में श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी. इसके बाद 20 मार्च से दुबई में तीन वनडे मैचों की सीरीज होगी.
इसके अलावा जून में अफगानिस्तान भारत दौरे पर आएगा. इस दौरे में एक टेस्ट मैच और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे. 6 जून को न्यू चंडीगढ़ में टेस्ट मैच होगा. इसके बाद 14 जून को धर्मशाला, 17 जून को लखनऊ और 20 जून को चेन्नई में वनडे मुकाबले खेले जाएंगे.
कुल मिलाकर, टी20 वर्ल्ड कप की निराशा के बाद अफगानिस्तान टीम अब नए सिरे से खुद को तैयार करने की कोशिश में है. आने वाली सीरीज टीम के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका होंगी.
aajtak.in