भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जूनियर क्रिकेट सेलेक्शन कमेटी (Junior Cricket Committee) के नए चेयरमैन के नाम का ऐलान कर दिया है. भारत के लिए दो टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके पूर्व तेज गेंदबाज परविंदर अवाना को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. उनके साथ कृष्णा दास, राकेश पटेल और एन अर्जुन यादव को भी कमेटी में जगह मिली है. पांचवें सदस्य की नियुक्ति जल्द की जाएगी.
क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने जूनियर क्रिकेट कमेटी के सदस्यों की नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की. समिति ने आवेदकों की स्क्रीनिंग और इंटरव्यू के बाद परविंदर अवाना को चेयरमैन बनाने की सिफारिश की.
IPL में पंजाब के लिए खेले अवाना
40 साल के परविंदर अवाना ने भारत के लिए दो T20 इंटरनेशनल मैच खेले. उन्होंने 62 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 191 विकेट हासिल किए. वह दिल्ली, इंडिया A और रेस्ट ऑफ इंडिया का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. IPL में वह किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) की ओर से भी खेले.
संन्यास के बाद अवाना ने कोचिंग में कदम रखा. उन्होंने दिल्ली की अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों के साथ काम किया. इसके अलावा वह भारत की अंडर-19 टीम और BCCI/COE के अलग-अलग हाई परफॉर्मेंस प्रोग्राम से भी जुड़े रहे.
कृष्णा दास, राकेश पटेल और अर्जुन यादव को भी जिम्मेदारी
असम और गोवा के पूर्व तेज गेंदबाज कृष्णा दास ने 49 फर्स्ट क्लास मैचों में 166 विकेट लिए. वह भारत की अंडर-19 और इंडिया A टीम का हिस्सा रहे. बाद में उन्होंने भारत की अंडर-19 टीम के बॉलिंग कोच और उत्तराखंड की रणजी ट्रॉफी टीम के गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाई.
राकेश पटेल गुजरात और बड़ौदा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. वह इंडिया A के अलावा दलीप ट्रॉफी, देवधर ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी में भी खेले. कोचिंग के दौरान उन्होंने गुजरात और बड़ौदा की अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर टीमों के साथ काम किया. वह 2025-26 सीजन में बड़ौदा की अंडर-23 टीम के हेड कोच भी रहे.
एन अर्जुन यादव भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा थे, जिसने साल 2000 में खिताब जीता था. वह इंडिया A के लिए भी खेले और अपने करियर में 83 फर्स्ट क्लास मैच खेले. हैदराबाद की ओर से खेलने के बाद उन्होंने कोचिंग में कदम रखा. वह हैदराबाद की सीनियर और अंडर-23 टीमों के हेड कोच रहे हैं. साल 2022 से वह BCCI मैच रेफरी के तौर पर भी काम कर रहे हैं.
जूनियर क्रिकेट कमेटी में फिलहाल चार सदस्य
BCCI की ओर से घोषित जूनियर क्रिकेट कमेटी में परविंदर अवाना चेयरमैन होंगे, जबकि कृष्णा दास, राकेश पटेल और एन. अर्जुन यादव सदस्य के तौर पर काम करेंगे. कमेटी के पांचवें सदस्य के नाम का ऐलान बाद में किया जाएगा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क