बाउंड्री बचाने के चक्कर में बुरी तरह चोटिल हुआ पाकिस्तानी खिलाड़ी, छोड़ना पड़ा मैदान

पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच लाहौर गद्दाफी स्टेडियम आयोजित मुकाबले के दौरान एक ऐसी घटना हुई, जिसने खिलाड़ियों से लेकर दर्शकों तक सभी को चिंतित कर दिया. पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज माज सदाकत बुरी तरह चोटिल हो गए. 21 साल के सदाकत ने पाकिस्तान के लिए 6 ओडीआई मुकाबले खेले हैं.

Advertisement
पाकिस्तानी टीम की बढ़ी मुश्किल, माज सदाकत हुए चोटिल. (Photo: AFP) पाकिस्तानी टीम की बढ़ी मुश्किल, माज सदाकत हुए चोटिल. (Photo: AFP)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • लाहौर,
  • 04 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:27 PM IST

पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला 4 जून (गुरुवार) को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया. इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान जोश इंग्लिस ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया. यानी मेजबान टीम की पहले गेंदबाजी आई.

इस मुकाबले के दौरान पाकिस्तान टीम को बड़ा झटका लगा, जब युवा सलामी बल्लेबाज माज सदाकत फील्डिंग के दौरान गंभीर रूप से चोटिल हो गए और उन्हें मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा. यह घटना ऑस्ट्रेलियाई पारी के 10वें ओवर में हुई. पाकिस्तानी स्पिनर अराफात मिन्हास की गेंद पर मार्नस लाबुशेन ने स्क्वायर लेग की दिशा में शॉट खेला. गेंद तेजी से बाउंड्री की ओर जा रही थी और उसे रोकने के लिए माज सदाकत पूरी रफ्तार से दौड़े.

Advertisement

माज सदाकत ने शानदार एथलेटिक प्रयास करते हुए गेंद को बाउंड्री लाइन पार जाने से पहले रोक लिया, लेकिन इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया. उनका सिर जोरदार तरीके से जमीन से टकराया और रफ्तार के कारण वह बाउंड्री के पास लगी विज्ञापन बोर्ड और फेंसिंग से भी जा भिड़े. टक्कर इतनी खतरनाक थी कि वह तुरंत मैदान पर गिर पड़े और काफी देर तक उठ नहीं सके. 

घटना के बाद मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों के चेहरे पर चिंता साफ दिखाई दे रही थी. साथी खिलाड़ी शमील हुसैन ने तुरंत मेडिकल टीम को बुलाया. फिजियो और डॉक्टरों की टीम ने मैदान पर पहुंचकर माज सदाकत प्राथमिक परीक्षण किया, कुछ मिनटों तक इलाज चलने के बाद उन्हें सहारा देकर मैदान से बाहर ले जाया गया. इस दौरान स्टेडियम में मौजूद दर्शक भी काफी चिंतित नजर आए.

Advertisement

खराब फॉर्म से जूझ रहे माज सदाकत
21 वर्षीय माज सदाकत के लिए यह सीरीज पहले ही मुश्किलों भरी रही है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में उनका बल्ला अब तक पूरी तरह खामोश रहा है. पहले मैच में वह 14 गेंदों पर सिर्फ 8 रन बना सके थे, जबकि दूसरे मुकाबले में बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए थे. ऐसे में यह चोट उनकी परेशानियों को और बढ़ा सकती है.

पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट की ओर से फिलहाल उनकी चोट की गंभीरता को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. हालांकि सिर में लगी चोट को देखते हुए मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है. अगर उन्हें कन्कशन (Concussion) या किसी अन्य गंभीर चोट की पुष्टि होती है, तो वह आने वाले मुकाबलों से भी बाहर हो सकते हैं.

फिलहाल पाकिस्तान टीम और क्रिकेट प्रशंसक यही उम्मीद कर रहे हैं कि युवा बल्लेबाज की चोट ज्यादा गंभीर ना हो और वह जल्द मैदान पर वापसी करें. लेकिन जिस तरह से उनका सिर जमीन और फेंस से टकराया, उसने सभी को डरा दिया और कुछ पलों के लिए मैच का रोमांच चिंता में बदल गया.

ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: एलेक्स कैरी, मैथ्यू शॉर्ट, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर/कप्तान), मार्नस लाबुशेन, कैमरन ग्रीन, मैथ्यू रेनशॉ, कूपर कोनोली, ओलिवर पीक, नाथन एलिस, मैथ्यू कुह्नमैन और एडम जाम्पा.

Advertisement

पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: साहिबजादा फरहान, माज सदाकत, बाबर आजम, गाजी गोरी (विकेटकीपर), अराफात मिन्हास, सलमान आगा, अब्दुल समद, शादाब खान, शाहीन आफरीदी (कप्तान), हारिस रऊफ और अबरार अहमद.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »