इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने शानदार सेंचुरी लगाकर अकेले दम पर इंग्लैंड को सुपर 8 मैच में पाकिस्तान के खिलाफ दो विकेट से जीत दिलाई, जिससे अंग्रेज टीम पल्लेकेले में मंगलवार (25 फरवरी) को T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने वाली पहली टीम बन गई.
ब्रूक ने 51 गेंदों में 10 चौकों और चार छक्कों की मदद से 100 रन बनाए, जिससे इंग्लैंड ने पाकिस्तान के नौ विकेट पर 164 रन के टारगेट को पांच गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया और सुपर 8 स्टेज में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की.
विल जैक्स (28) ने ब्रूक का बहुत अच्छा साथ दिया. पाकिस्तान के लिए, शाहीन शाह अफरीदी (4/30) और उस्मान तारिक (2/31) ने विकेट लिए.
इससे पहले साहिबजादा फरहान ने 45 गेंदों में 63 रन बनाए, जबकि बाबर आजम और फखर ज़मान ने 25-25 रन बनाकर पाकिस्तान को पहले बैटिंग करने के बाद टोटल बनाने में मदद की. इंग्लैंड के लिए लियाम डॉसन (3/24), जेमी ओर्वटन (2/26) और जोफ्रा आर्चर (2/32) सबसे सफल गेंदबाज रहे.
सलमान आगा ने किसे बताया इंग्लैंड मैच का विलेन
इंग्लैंड के खिलाफ उतार-चढ़ाव से भरे मुकाबले में मिली हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने साफ कहा कि टीम ने मैच पर शुरुआती नियंत्रण के बावजूद मिडिल ओवर्स में लय खो दी. मुकाबला एक समय पूरी तरह पाकिस्तान की पकड़ में था, लेकिन शाहीन शाह आफरीदी की शानदार शुरुआत के बाद भी टीम उस दबाव को बरकरार नहीं रख सकी.
पहली ही गेंद पर फिल सॉल्ट को गोल्डन डक पर आउट कर पाकिस्तान ने मैच का आगाज धमाकेदार किया. इसके बाद जोस बटलर और जैकब के विकेट गिरते ही इंग्लैंड 35/3 पर लड़खड़ा गया. यहां तक सब कुछ पाकिस्तान की योजना के मुताबिक चल रहा था.
लेकिन कप्तान के अनुसार, असली मोड़ तब आया जब हैरी ब्रूक ने पारी संभाली. सलमान आगा ने कहा कि टीम ने ब्रूक पर दबाव बनाने के मौके गंवाए और सिंगल रोकने में नाकाम रही. हमने बाउंड्री रोकने की कोशिश की, लेकिन स्ट्राइक रोटेशन पर नियंत्रण नहीं रख पाए.
टॉम बेंटन के आउट होने के बाद भी पाकिस्तान वापसी नहीं कर सका. विल जैक्स के साथ ब्रूक की साझेदारी ने मैच को धीरे-धीरे इंग्लैंड की ओर मोड़ दिया. सलमान आगा ने माना कि यह साझेदारी मैच का निर्णायक पल थी.
उन्होंने कहा- हमने पावरप्ले में शानदार गेंदबाज़ी की, लेकिन मिडिल ओवर्स में वही अनुशासन नहीं दिखा. इसी दौरान मैच हमसे दूर चला गया. सैम करन के आउट होने के बाद भी पाकिस्तान वापसी का फायदा नहीं उठा सका.
ब्रूक ने 17वें ओवर में अपना शतक पूरा किया और तब तक मैच लगभग इंग्लैंड की झोली में जा चुका था. आखिरी ओवरों में शाहीन आफरीदी ने वापसी करते हुए ब्रूक का विकेट जरूर लिया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. इस जीत के साथ इंग्लैंड टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई.
सलमान आगा ने अंत में कहा कि टीम को अब डेथ ओवर्स और मिडिल फेज़ में बेहतर नियंत्रण सीखना होगा, क्योंकि बड़े टूर्नामेंट में छोटी गलतियां ही मैच का नतीजा तय करती हैं.
aajtak.in