भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की मानें तो आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 में आने वाला समय गेंदबाजों और बल्लेबाजों के लिए मुश्किल भरा होने वाला है क्योंकि विकेट काफी तेजी से स्लो होते जा रहे हैं.
ऐसा माना जा रहा था कि इस बार वर्ल्ड कप में बल्लेबाजों का बोलबाला रहेगा, लेकिन अब तक हुए मुकाबलों से ऐसा साबित नहीं हो सका. ऐसे में जबकि बुमराह ने यह कह दिया कि आने वाले समय में विकेट स्लो हो जाएंगे तो प्रतिस्पर्धा और रोचक हो गई है.
बता दें कि भारतीय टीम को 9 जुलाई को मैनचेस्टर में न्यूजीलैंड के साथ सेमीफाइनल खेलना है. भारतीय टीम पूरी तरह फिट है और किसी भी खिलाड़ी के चोटिल होने की खबर नहीं है. बुमराह मानते हैं कि टूर्नामेंट की शुरुआत की तुलना में अब विकेट काफी धीमे हो चुके हैं और रन बनाना आसान नहीं रह गया है.
बुमराह ने उदाहरण के तौर पर भारत और श्रीलंका के बीच हुए भारत के अंतिम लीग मैच के बारे में कहा कि यह विकेट उतना धीमा नहीं हुआ, जितना भारतीय थिंक टैंक समझ रहा था.
बुमराह ने कहा, 'किसी दिन कोई बल्लेबाज रन बना सकता है. इसके लिए बल्लेबाज को श्रेय दिया जाना चाहिए, लेकिन कुल मिलाकर आलम यह है कि विकेट स्लो हो गए हैं.' बुमराह ने कहा कि भारतीय आक्रमण पंक्ति धीमी पिच पर भी अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए तैयार है.
बकौल बुमराह, 'हर कोई जिम्मेदारी ले रहा है और अपने स्तर पर पुरजोर प्रयास कर रहा है. हमें खुशी है कि हर कोई अपना योगदान दे रहा है. मोहम्मद शमी, हार्दिक पंड्या और यहां तक मैंने भी विकेट लिए हैं. यह स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है और इससे हमें सेमीफाइनल जैसे अहम मुकाबले के दौरान फायदा मिलेगा.'
aajtak.in