बेन स्टोक्स के विदाई मैच में इंग्लैंड का हुआ बुरा हाल, न्यूजीलैंड ने कब्जाई टेस्ट सीरीज

न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज टेस्ट मैच में इंग्लिश टीम कमाल नहीं दिखा पाई. बेन स्टोक्स की अगुवाई टीम को इस मुकाबले में करारी हार झेलनी पड़ी. इस हार के साथ ही इंग्लैंड ने टेस्ट सीरीज गंवा दिया. साथ ही बेन स्टोक्स की इंटरनेशनल क्रिकेट से विदाई भी यादगार नहीं बन पाई.

Advertisement
न्यूजीलैंड की ट्रेंट ब्रिज टेस्ट में धमाकेदार जीत. (Photo: Getty) न्यूजीलैंड की ट्रेंट ब्रिज टेस्ट में धमाकेदार जीत. (Photo: Getty)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नॉटिंघम,
  • 29 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:18 PM IST

इंग्लैंड के महान ऑलराउंडर बेन स्टोक्स का इंटरनेशनल करियर हार के साथ खत्म हुआ. नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर खेले गए तीसरे और निर्णायक टेस्ट में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 160 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली. न्यूजीलैंड ने इससे पहले इंग्लिश धरती पर मेजबान टीम के खिलाफ 1986, 1999 और 2021 में भी टेस्ट सीरीज जीती थी. हालांकि 2021 की सीरीज सिर्फ दो मैचों की थी.

Advertisement

यह सीरीज जीत न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. ट्रेंट ब्रिज टेस्ट मैच के चौथे दिन बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था. ऐसे में इंग्लिश फैन्स को उम्मीद थी कि इंग्लैंड अपने कप्तान को जीत के साथ विदाई देगा, लेकिन न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया.

इंग्लैंड को जीत के लिए 373 रनों का मुश्किल लक्ष्य मिला था. पांचवें दिन टीम ने 103/4 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा. इंग्लैंड की पूरी टीम लंच के कुछ देर बाद मैच की चौथी पारी में 212 रनों पर सिमट गई और न्यूजीलैंड ने मुकाबला जीत लिया.

35 वर्षीय बेन स्टोक्स ने लगभग 15 सालों तक इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व किया और पिछले चार वर्षों तक टेस्ट टीम की कप्तानी भी संभाली. स्टोक्स ने दूसरी पारी में टीम के लिए ओपनिंग की, लेकिन 30 रन बनाकर आउट हो गए. कप्तान की विदाई को यादगार बनाने का सपना भी इंग्लैंड पूरा नहीं कर सका.

Advertisement

यह हार इंग्लिश क्रिकेट के लिए कई मायनों में चिंता बढ़ाने वाली है. 2012 के बाद पहली बार टीम अपने घर में तीन या उससे अधिक मैचों वाली टेस्ट सीरीज हार गई. इतना ही नहीं, इंग्लैंड ने अपने पिछले नौ टेस्ट मैचों में से सात में हार झेली है. लगातार खराब प्रदर्शन के बाद हेड कोच ब्रैंडन मैक्कुलम और टीम के क्रिकेट डायरेक्टर रॉब की पर भी सवाल उठने लगे हैं.

बेन स्टोक्स इंग्लैंड के सबसे महान ऑलराउंडरों में गिने जाते हैं. उन्होंने अपने करियर में कई यादगार पारियां खेलीं और बड़े मौकों पर टीम को जीत दिलाई. हालांकि उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच जीत के साथ खत्म नहीं हो सका. ट्रेंट ब्रिज में टॉम लैथम की अगुवाई वाली न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को हराकर स्टोक्स की विदाई को फीका कर दिया.

मैच का संक्षिप्त स्कोर
न्यूजीलैंड: पहली पारी- 438, दूसरी पारी- 288/9d
टारगेट: 373
इंग्लैंड: पहली पारी- 354, दूसरी पारी- 212

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »