16 छक्के और 28 बॉल पर शतक... मोहम्मद नबी के बेटे ने बल्ले से मचाई तबाही, क्या अफगानी टीम में होगी एंट्री?

उज्बेकिस्तान और अफगानिस्तान XI के बीच मुकाबले में रनों की जमकर बारिश हुई. अफगानिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद नबी के 19 वर्षीय बेटे हसन ईसाखिल ने इस मैच में महज 28 गेंदों पर शतक ठोक दिया.

Advertisement
मोहम्मद नबी के क्रिकेट बेटे का बल्ले से शानदार प्रदर्शन. (Photo: Noakhali Express) मोहम्मद नबी के क्रिकेट बेटे का बल्ले से शानदार प्रदर्शन. (Photo: Noakhali Express)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • खोस्त,
  • 10 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:27 PM IST

उज्बेकिस्तान और अफगानिस्तान XI के बीच इकलौता मुकाबला 10 जुलाई (शुक्रवार) को खोस्त के रहमत वली मसरूर क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया. इस मुकाबले में अफगानी टीम के लिए सलामी बल्लेबाज हसन ईसाखिल ने बल्ले से तबाही मचा दी. ईसाखिल ने उज्बेकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए सिर्फ 28 बॉल पर शतक जड़ दिया.

दाएं हाथ के बल्लेबाज हसन ईसाखिल ने इस मैच में 34 गेंदों पर 120 रन बनाए, जिसमें 16 छक्के और 4 चौके शामिल रहे. यानी ईसाखिल ने 112 रन सिर्फ बाउंड्री के जरिए बनाए. ईसाखिल के तूफानी शतक के दम पर अफगानिस्तान XI ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 323 रन बना दिए. जवाब में उज्बेकिस्तान की टीम सात विकेट पर 124 रन ही बना सकी और उसे 199 रनों से हार का सामना करना पड़ा.

Advertisement

हसन ईसाखिल ने कप्तान इमरान मीर के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 181 रनों की तूफानी साझेदारी की. ये साझेदारी 60 गेंदों की रही. इमरान मीर ने 7 छक्के और 5 चौके की मदद से 32 बॉल पर 74 रनों का योगदान दिया. फैसल शिनोजोदा (31 रन), नूर उल रहमान (29 रन), केरामतुल्लाह (21 रन) और इस्मत आलम (नाबाद 16 रन) ने भी बल्ले से उपयोगी योगदान दिया. उज्बेकिस्तान की ओर से मेराजुद्दीन और अमानुल्लाह ने दो-दो विकेट झटके.

मोहम्मद नबी के बेटे हैं ईसाखिल
19 वर्षीय हसन ईसाखिल अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर मोहम्मद नबी के बेटे हैं. ईसाखिल ने अब तक 4 फर्स्ट क्लास, 14 लिस्ट और 38 टी20 मुकाबले खेले हैं. ईसाखिल ने फर्स्ट क्लास मैचों में 47.14 की औसत से 330 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक शामिल रहे. वहीं लिस्ट-ए क्रिकेट में ईसाखिल के नाम पर 41.85 के एवरेज से 586 रन दर्ज हैं.

Advertisement

लिस्ट-ए क्रिकेट में ईसाखिल ने 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं. टी20 क्रिकेट में ईसाखिल ने 30.05 के एवरेज से 1022 रन स्कोर किए हैं. इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 7 अर्धशतक जड़े. ईसाखिल ने अफगानिस्तान के लिए अब तक इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है, लेकिन अफगानिस्तान की अंडर-19 टीम का पार्ट रह चुके हैं.

हसन ईसाखिल के पिता मोहम्मद नबी अब भी इंटरनेशनल क्रिकेट में एक्टिव हैं. इस बात की प्रबल संभावना है कि नबी और ईसाखिल आने वाले समय में एक साथ अफगानिस्तान के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते दिखें. 41 साल के नबी ने अफगानिस्तान के लिए 333 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 24.69 की औसत से 6273 रन बनाए हैं. वहीं नबी ने 30.91 के एवरेज से 294 विकेट भी चटकाए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »