क्रिकेट में अनिश्चितता हमेशा से रही है. कभी आखिरी गेंद पर छक्का, कभी सुपर ओवर, कभी नो-बॉल विवाद, कभी फैन का मैदान में घुस जाना. लेकिन कुछ साल पहले श्रीलंका की Lanka Premier League (LPL) में जो हुआ, उसने क्रिकेट के 'अनप्रेडिक्टेबल' होने की परिभाषा ही बदल दी थी. वहां खिलाड़ियों को सिर्फ गेंदबाजों से नहीं, बल्कि सांपों से भी बचना पड़ रहा था.
आज IPL में कैमरे हर एंगल पकड़ लेते हैं. किसी खिलाड़ी का गुस्सा, डगआउट का रिएक्शन, स्टैंड्स में बैठे फैन्स या फिर वायरल मोमेंट्स. मगर 2023 की LPL में कैमरों ने जो कैद किया, वह किसी स्पोर्ट्स मैच से ज्यादा नेशनल ज्योग्राफिक जैसा लग रहा था.
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में उस सीजन सांपों ने जैसे अपनी स्थायी मौजूदगी दर्ज करा दी थी. शुरुआत में लोगों ने इसे एक मामूली घटना माना. लगा कि शायद बारिश या मौसम की वजह से कोई सांप गलती से मैदान तक आ गया होगा. लेकिन जब बार-बार ऐसा होने लगा, तब खिलाड़ियों से लेकर कैमरा मैन तक सभी सतर्क रहने लगे.
सबसे चर्चित घटना B-Love Kandy और Jaffna Kings के मुकाबले में हुई. मैच अपने रोमांचक मोड़ पर था. जाफना की टीम 179 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी. मैदान पर अनुभवी खिलाड़ी शोएब मलिक और थिसारा परेरा मौजूद थे. रन तेजी से बन रहे थे और मुकाबला आखिरी ओवरों की तरफ बढ़ रहा था.
तभी अचानक खेल रुक गया.
कारण कोई चोट, बारिश या तकनीकी खराबी नहीं थी. असली वजह थी- एक सांप.
कैंडी के तेज गेंदबाज इसुरु उदाना (Isuru Udana) अपनी फील्डिंग पोजिशन की ओर बढ़ रहे थे. उनकी नजर शायद बल्लेबाज पर थी, लेकिन अगले ही पल उन्होंने नीचे देखा और घबरा गए. उनके पैर के बेहद करीब एक सांप रेंग रहा था. कुछ सेकंड के लिए ऐसा लगा कि उनका पैर सीधे उस पर पड़ जाएगा.
उदाना तुरंत पीछे हटे. उनके चेहरे का डर कैमरे में साफ दिख रहा था. क्रिकेट मैदान पर तेज गेंदबाजों का सामना करने वाले खिलाड़ी भी उस पल पूरी तरह असहज नजर आए. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते देर नहीं लगी.
फैनेस ने तुरंत मीम्स बनाना शुरू कर दिया.
किसी ने लिखा-
'LPL में अब सिर्फ DRS नहीं, SRS भी होना चाहिए… Snake Review System!'
एक यूजर ने मजाक किया-
'फील्डिंग करते समय अब खिलाड़ियों को स्पाइक्स के साथ स्नेक शूज भी पहनने पड़ेंगे.'
लेकिन असली मजा तो अभी बाकी था.
मैच थोड़ी देर बाद दोबारा शुरू हुआ. सभी को लगा कि मामला खत्म हो गया. मगर सांप शायद मैच का पूरा रोमांच लेना चाहता था. कुछ देर बाद वह फिर दिखाई दिया- इस बार बाउंड्री लाइन के पास बिजली के तारों के करीब.
इस बार सबसे ज्यादा डर कैमरा मैन के चेहरे पर दिखा. सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में दो कैमरा मैन अपनी जगह छोड़कर दूर खड़े दिखाई दिए. कैमरा ऑन था, मगर ऑपरेटर गायब थे. कुछ सेकंड के लिए ऐसा लग रहा था कि क्रिकेट मैच नहीं, वाइल्डलाइफ डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग चल रही है.
दिलचस्प बात यह रही कि मैदान पर मैच जारी रहा. बल्लेबाज रन चेज में लगे रहे, गेंदबाज अपनी रणनीति बनाते रहे और बाहर दर्शकों की नजरें बार-बार उस जगह जा रही थीं, जहां सांप दिखा था.
आखिर में जाफना किंग्स यह मुकाबला 8 रनों से हार गई. मगर सच कहें तो उस रात हार-जीत से ज्यादा चर्चा सांपों की हुई.
... और यह कोई अकेली घटना नहीं थी -
उसी सीजन के शुरुआती मुकाबलों में भी एक सांप मैदान पर घुस चुका था. Galle Titans और Dambulla Aura के मैच में भी खेल कुछ देर के लिए रोकना पड़ा था, क्योंकि एक सांप आउटफील्ड में आराम से घूमता नजर आया था.
यानी टूर्नामेंट में टीमों के साथ-साथ सांप भी लगातार 'री-एंट्री' मार रहे थे.
धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर मजाक शुरू हो गया कि LPL में खिलाड़ियों को नेट प्रैक्टिस के साथ “स्नेक अवॉइडेंस ट्रेनिंग” भी दी जानी चाहिए. कुछ लोगों ने तो यहां तक लिख दिया कि श्रीलंका के स्पिनर्स से ज्यादा टर्न तो सांप ले रहे हैं.
आज के समय में जब IPL पूरी तरह एंटरटेनमेंट पैकेज बन चुका है, तब LPL का वह सीजन याद आता है. वहां ड्रामा सिर्फ बैट और बॉल के बीच नहीं था. असली थ्रिल आउटफील्ड में छिपा बैठा था.
क्रिकेट इतिहास में हमने कुत्तों को मैदान पर दौड़ते देखा है, मधुमक्खियों के कारण मैच रुकते देखे हैं, यहां तक कि फैन्स को सिक्योरिटी तोड़कर पिच तक पहुंचते भी देखा है. मगर प्रोफेशनल टी20 लीग में बार-बार सांपों का मैदान पर आना शायद पहली बार इतना चर्चा में आया था.
यही वजह है कि आज भी जब क्रिकेट में कोई अजीब घटना होती है, फैन्स मजाक में LPL के उस सीजन को जरूर याद करते हैं. क्योंकि उस टूर्नामेंट में बल्लेबाज सिर्फ विकेट बचाने नहीं, कदम संभालने भी उतर रहे थे.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क