इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में भारतीय टीम की गेंदबाजी बेहद निराशाजनक रही. जसप्रीत बुमराह की गैर मौजूदगी में भारतीय टीम के अन्य गेंदबाज अपनी छाप छोड़ने में बेअसर रहे. ऐसे में कुलदीप यादव के प्लेइंग इलेवन से बाहर होने पर लगातार सवाल किए जा रहे हैं. पिछले पांच साल में भारत के लिए सबसे अधिक 87 वनडे विकेट लेने वाले कुलदीप यादव को मौका नहीं मिलने पर भारतीय दिग्गज भी अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं.
कुलदीप यादव बाहर रखना बड़ी गलती?
जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर तीसरे वनडे में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे. इसके बावजूद कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 में मौका नहीं मिला. टीम मैनजमेंट का यह फैसला क्रिकेट फैन्स के साथ-साथ दिग्गजों को भी हैरान कर गया. लॉर्ड्स की सपाट पिच पर कुलदीप यादव अपनी फिरकी के दम पर भारत के लिए बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे. कुलदीप यादव का अनुभव भारतीय टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकती थी. कुलदीप यादव ने वनडे में 194 विकेट अपने नाम किया है.
कोच को ऑलराउंडर्स पर भरोसा
पूरी सीरीज में हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल की रणनीति ऑलराउंडर्स पर अधिक निर्भर दिखी. तीसरे वनडे में ऑलराउंडर शिवम दुबे को बाहर बैठाकर टीम में अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव जैसे तेज गेंदबाजों को शामिल किया गया. लेकिन मिडिल ओवरों में विकेट निकालने में माहिर कुलदीप को दरकिनार कर दिया गया. टीम ने अकेले अक्षर पटेल को ही स्पिनर के तौर पर मैदान में उतारा.
मोहम्मद कैफ का फूटा गुस्सा
कुलदीप यादव के साथ हो रहे इस रवैये पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ और रविचंद्रन अश्विन ने निराशा व्यक्त की है. कैफ ने एक्स पर लिखा कि कुलदीप यादव को तो अब अपना बैग पैक करके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बारे में सोचना चाहिए. आज बुमराह, सुंदर और वरुण चक्रवर्ती कोई भी नहीं था फिर भी कुलदीप को 11 में जगह नहीं मिली. 118 वनडे पारियों में 194 विकेट लेने वाले गेंदबाज के इन आंकड़ों की शायद अब कोई अहमियत नहीं रह गई है.
आर अश्विन ने क्या कहा?
कैफ की तरह आर अश्विन ने भी टीम के इस फैसले पर सवाल खड़े किए. अश्विन ने लिखा कि आमतौर पर कुलदीप को नहीं खिलाने का तर्क यह दिया जाता है कि नंबर 7 पर बल्लेबाजी खत्म हो जाती है. लेकिन आज नंबर 8 पर अर्शदीप को देखकर हैरानी हुई. बुमराह की गैरमौजूदगी के बाद भी कुलदीप का बाहर होना दुखद है. इससे किसी भी गेंदबाज का लय और आत्मविश्वास बुरी तरह प्रभावित होता है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क