इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट एक बार फिर सुर्खियों में हैं. बेन स्टोक्स के संन्यास के बाद टेस्ट टीम की कप्तानी संभालने जा रहे रूट अब बल्लेबाजी के एक ऐसे रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच रहे हैं, जिसे लंबे समय तक अटूट माना जाता था.
35 साल के रूट ने अब तक टेस्ट क्रिकेट में 166 टेस्ट मैच खेलकर 14,114 रन बना लिए हैं और वह टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं.
उनसे आगे सिर्फ भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं, जिनके नाम 200 टेस्ट मैच खेलकर 15,921 टेस्ट रन दर्ज हैं. यानी रूट को सचिन का विश्व रिकॉर्ड तोड़ने के लिए अब 1,807 रन और बनाने हैं.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी आज फिर उड़ाएंगे गर्दा, जिम्बाब्वे के बॉलर्स की शामत तय! अभिषेक शर्मा-मयंक यादव पर भी निगाहें
रूट की सबसे बड़ी ताकत उनकी निरंतरता है. कप्तानी छोड़ने के बाद उनका बल्ला पहले से ज्यादा रन उगल रहा है और इंग्लैंड का व्यस्त टेस्ट कैलेंडर उन्हें रिकॉर्ड तक पहुंचने का अच्छा मौका दे सकता है.
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर रूट अगले दो-तीन साल तक इसी लय में खेलते रहे, तो वह सचिन के 15,921 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकते हैं.
हालांकि यह सफर आसान नहीं होगा. 1,807 रन बनाने के लिए रूट को फिटनेस, फॉर्म और लंबे समय तक निरंतर प्रदर्शन बनाए रखना होगा. लेकिन जिस अंदाज में वह खेल रहे हैं, उसे देखते हुए टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा रिकॉर्ड अब पहले जितना सुरक्षित नहीं माना जा रहा.
यह भी पढ़ें: 'वैभव की नानी के घर से आए हैं...', फैन की बात सुन मुस्कुराए बेबी बॉस, VIDEO
टेस्ट क्रिकेट में सिर्फ रन ही नहीं, शतकों की रेस भी बेहद दिलचस्प हो गई है. सचिन तेंदुलकर के नाम टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक 51 शतक दर्ज हैं, जबकि जो रूट 41 टेस्ट शतकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं.
ऐसे में रूट को सचिन के शतकों के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करने के लिए 10 और, जबकि रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 11 और टेस्ट शतकों की जरूरत है. मौजूदा फॉर्म को देखते हुए रूट के पास रनों के साथ-साथ शतकों का यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम करने का सुनहरा मौका है.
सचिन तेंदुलकर: 15,921 टेस्ट रन | 51 शतक
जो रूट:14,114 टेस्ट रन | 41 शतक
फासला:1,807 रन और 10 शतकों का
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी बनेंगे ऑलराउंडर, BCCI ने तैयार किया खास प्लान, बॉलिंग कोच का बड़ा खुलासा
जो रूट के पास रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका?
जो रूट के पास आने वाले महीनों में टेस्ट क्रिकेट में खूब रन बनाने का मौका होगा. इंग्लैंड को अगस्त-सितंबर में पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज खेलनी है.
इसके बाद टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी टेस्ट सीरीज खेलेगी. इन दोनों सीरीज में अगर रूट अपनी मौजूदा लय बरकरार रखते हैं, तो सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड के और करीब पहुंच सकते हैं.
पाकिस्तान का इंग्लैंड दौरा (अगस्त - सितंबर 2026)
पहला टेस्ट: 19-23 अगस्त 2026, हेडिंग्ले
दूसरा टेस्ट: 27-31 अगस्त 2026, लॉर्ड्स
तीसरा टेस्ट: 9-13 सितंबर, बर्मिंघम
यह भी पढ़ें: बेन स्टोक्स के संन्यास के बाद फिर इंग्लैंड की कमान संभालेंगे जो रूट, 4 साल बाद बनेंगे कप्तान
इंग्लैंड का दक्षिण अफ्रीका दौरा (दिसंबर 2026 - जनवरी 2027)
पहला टेस्ट: 17–21 दिसंबर 2026, वांडरर्स स्टेडियम, जोहानिसबर्ग
दूसरा टेस्ट: 26–30 दिसंबर 2026, सुपरस्पोर्ट पार्क, सेंचुरियन
तीसरा टेस्ट: 3–7 जनवरी 2027, न्यूलैंड्स, केपटाउन
बांग्लादेश का इंग्लैंड दौरा (मई 2027)
एकमात्र टेस्ट: 28 मई 2027 से शुरू, लॉर्ड्स
एशेज 2027 टेस्ट मैच शेड्यूल
पहला टेस्ट: 18 से 22 जून 2027, नॉटिंघम
दूसरा टेस्ट: 30 जून से 4 जुलाई 2027, लॉर्ड्स
तीसरा टेस्ट: 8 से 12 जुलाई 2027, बर्मिंघम
चौथा टेस्ट: 21 से 25 जुलाई 2027, साउथेम्प्टन
पांचवां टेस्ट: 29 जुलाई से 2 अगस्त 2027, द ओवल
रिपोर्ट: विजय सिंह
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क