'उनकी कलाई कमाल की है...', धोनी को लेकर बदले योगराज सिंह के सुर, कहा- 10 साल और IPL खेलें माही

आईपीएल 2026 से पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है, इसी बीच युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने माही के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई है. उन्होंने कहा कि धोनी अभी भी फिट हैं और उन्हें क्रिकेट खेलते रहना चाहिए.

Advertisement
एमएस धोनी उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने आईपीएल के हर सीजन में भाग लिया है. (Photo: Getty/Social Media) एमएस धोनी उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने आईपीएल के हर सीजन में भाग लिया है. (Photo: Getty/Social Media)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 27 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 4:15 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले योगराज सिंह ने महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट को लेकर चल रही बहस के बीच बड़ा बयान दिया है. योगराज ने उन लोगों पर तीखा हमला बोला है, जो लगातार धोनी को आईपीएल से संन्यास लेने की सलाह दे रहे हैं. युवराज सिंह के पिता योगराज का कहना है कि धोनी (माही) को अभी क्रिकेट छोड़ने की कोई जरूरत नहीं है और वह आने वाले 10 साल तक भी खेल सकते हैं.

Advertisement

योगराज सिंह ने इनसाइड स्पोर्ट को दिए गए इंटरव्यू में कहा, 'वो अभी भी खेल रहे हैं और उन्हें अगले 10 साल तक खेलते रहना चाहिए. उन्होंने अपनी फिटनेस को अनुशासन और मेहनत से साबित किया है. मैं आज भी उनकी कलाई देखता हूं, कमाल के खिलाड़ी हैं. कौन होते हैं लोग उन्हें रिटायर होने को कहने वाले? क्रिकेट के लिहाज से उन्हें सलाम है.'

यह भी पढ़ें: योगराज सिंह ने बेटे युवराज को गले लगाया, बर्थडे पर दिखा भावुक रिश्ता, VIDEO

गौरतलब है कि योगराज सिंह पहले धोनी के सबसे बड़े आलोचकों में गिने जाते रहे हैं. उन्होंने कई बार अपने बेटे युवराज सिंह के करियर को लेकर भी धोनी पर निशाना साधा और उन्हें जिम्मेदार ठहराया था. लेकिन अब आईपीएल 2026 से पहले उनका यह बदला हुआ रुख चर्चा का विषय बन गया है, जहां वह खुलकर धोनी के समर्थन में नजर आ रहे हैं.

Advertisement

घुटने की समस्या परेशान रहे हैं धोनी
हालांकि, योगराज सिंह के बयान के उलट पिछले कुछ आईपीएल सीजन में एमएस धोनी के प्रदर्शन पर लगातार सवाल उठे हैं. वह घुटने की समस्या से जूझ रहे हैं. धोनी अब निचले क्रम (7-8 नंबर) पर बल्लेबाजी करते हैं और लंबे समय तक क्रीज पर टिकना मुश्किल होता है. इसी वजह से वह अक्सर आखिरी ओवरों में ही बल्लेबाजी करने आते हैं और कुछ ही गेंदों का सामना कर पाते हैं.

एमएस धोनी की मौजूदगी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के टीम कॉम्बिनेशन पर भी असर डालती है. उनकी जगह किसी युवा खिलाड़ी को मौका नहीं मिल पाता और टीम को बैलेंस बनाने में दिक्कत आती है. हालांकि, सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने उनके बल्लेबाजी क्रम को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है, लेकिन यह लगभग तय माना जा रहा है कि वह पहले की तरह फिनिशर की भूमिका में ही नजर आएंगे.

यह भी पढ़ें: Sony या अमेजन प्राइम पर नहीं... यहां दिखेगा IPL 2026, जानें पूरी डिटेल्स

पिछले कई सालों से हर सीजन में एमएस धोनी से एक ही सवाल पूछा जाता है कि क्या यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन है? और हर बार उनका जवाब लगभग एक जैसा ही होता है. 44 साल की उम्र में भी मैदान पर उतरने वाले धोनी आईपीएल के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं. हालांकि, यह भी सच है कि वह अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं.

Advertisement

एक तरफ योगराज सिंह का मानना है कि धोनी 10 साल और खेल सकते हैं, वहीं दूसरी तरफ हालिया प्रदर्शन कुछ और कहानी बताते हैं. फिलहाल इतना जरूर है कि आईपीएल 2026 में एक बार फिर सभी की नजरें एमएस पर रहेंगी. क्या यह सीजन उनके करियर का आखिरी अध्याय साबित होगा, इसका फैसला आने वाला वक्त करेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement