1 सीट... 5 दावेदार! अब IPL में आखिरी प्लेऑफ स्पॉट के लिए 'महासंग्राम'

आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की आखिरी सीट के लिए जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है. Sunrisers Hyderabad की Chennai Super Kings पर जीत के बाद Punjab Kings, Rajasthan Royals, Chennai Super Kings, Delhi Capitals और Kolkata Knight Riders अभी भी चौथे प्लेऑफ स्पॉट की दौड़ में बने हुए हैं. अब हर टीम की किस्मत दूसरे मैचों के नतीजों और नेट रन रेट पर भी निर्भर करती नजर आ रही है.

Advertisement
आखिरी सीट के लिए जबरदस्त मुकाबला... (Photo, PTI) आखिरी सीट के लिए जबरदस्त मुकाबला... (Photo, PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 19 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:23 AM IST

आईपीएल 2026 का लीग चरण अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है. तीन टीमें - सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), गुजरात टाइटन्स (GT) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) प्लेऑफ का टिकट पक्का कर चुकी हैं. लेकिन चौथी और आखिरी जगह के लिए ऐसा घमासान मचा है, जहां पांच टीमें अभी भी दौड़ में बनी हुई हैं.

पंजाब किंग्स (PBKS), राजस्थान रॉयल्स (RR), चेन्नई सुपर किंग्स (CSK), दिल्ली कैपिटल्स (DC) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) पांचों की उम्मीदें अलग-अलग समीकरणों पर टिकी हैं. हर मैच अब सिर्फ मुकाबला नहीं, बल्कि ‘करो या मरो’ की जंग बन चुका है.

Advertisement

सबसे बड़ा फायदा फिलहाल पंजाब किंग्स के पास है. 13 मैचों में 13 अंक लेकर टीम चौथे स्थान पर मौजूद है. उनका आखिरी मुकाबला पहले ही बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स से है. अगर पंजाब यह मैच जीत लेती है तो उसके 15 अंक हो जाएंगे और फिर केवल राजस्थान रॉयल्स ही उन्हें पीछे छोड़ सकती है.

राजस्थान की कहानी सबसे दिलचस्प है. टीम के पास अभी भी दो मैच बाकी हैं और प्लेऑफ में पहुंचने का रास्ता पूरी तरह उसके अपने हाथ में है. अगर राजस्थान, लखनऊ और मुंबई इंडियंस दोनों को हरा देती है, तो सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी. लेकिन एक भी हार उसके लिए मुश्किलें बढ़ा सकती है.

चेन्नई सुपर किंग्स की राह अब बेहद पेचीदा हो चुकी है. 13 मैचों में 12 अंक वाली टीम को अपना आखिरी मुकाबला गुजरात टाइटन्स के खिलाफ हर हाल में जीतना होगा. इसके साथ उन्हें यह दुआ भी करनी होगी कि पंजाब किंग्स अपना अंतिम मैच हार जाए. इतना ही नहीं, राजस्थान को अपने दो मैचों में से सिर्फ एक जीतना होगा, ताकि मामला नेट रन रेट तक पहुंचे. यानी चेन्नई अब सिर्फ अपने प्रदर्शन पर नहीं, बल्कि दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर है.

Advertisement

दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदें भी गणित के सहारे जिंदा हैं. दिल्ली को पहले पंजाब किंग्स की हार चाहिए. फिर राजस्थान को अपने दोनों मैच गंवाने होंगे और गुजरात को चेन्नई को हराना होगा. अगर ये सारे नतीजे उनके पक्ष में जाते हैं, तो दिल्ली को केवल कोलकाता के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी. यह मुश्किल जरूर है, लेकिन नामुमकिन नहीं.

कोलकाता नाइट राइडर्स की कहानी भी कम रोमांचक नहीं है. उनकी पहली उम्मीद पंजाब की हार पर टिकी है. अगर पंजाब जीत जाती है तो फिर कोलकाता को नेट रन रेट के सहारे लड़ाई लड़नी पड़ेगी. इसके लिए उन्हें मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स दोनों को हराना होगा. साथ ही राजस्थान केवल एक मैच ही जीत सके, यह भी जरूरी है.

इस पूरे ड्रामे के बीच सोमवार रात चेपॉक में Sunrisers Hyderabad ने बड़ा बयान दिया. टीम ने Chennai Super Kings को 5  विकेट से हराकर प्लेऑफ का टिकट कटाया. 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद ने 19 ओवर में 181/5 बनाकर मैच खत्म कर दिया.

इस जीत के हीरो रहे ईशान किशन, जिन्होंने 47 गेंदों पर 70 रनों की शानदार पारी खेली. उनकी बल्लेबाजी में 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. वहीं हेनिरक क्लासेन ने 47 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ दिया. इससे पहले कप्तान पैट कमिंस ने 3/28 की घातक गेंदबाजी की, जबकि साकिब हुसैन ने दो विकेट लेकर चेन्नई को 180/7 तक सीमित रखा.

Advertisement

मैच के बाद कमिंस ने प्लेऑफ को लेकर टीम का आत्मविश्वास भी जाहिर किया. उन्होंने कहा कि टीम ने खुद को बेहतरीन स्थिति में पहुंचाया है और अब असली लड़ाई शुरू होगी. कमिंस ने खास तौर पर ईशान किशन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने टीम को संभालने में बड़ी भूमिका निभाई और ज्यादा श्रेय के हकदार हैं.

अब आईपीएल 2026 का आखिरी लीग सप्ताह किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं रहने वाला. हर गेंद, हर रन और हर नेट रन रेट प्लेऑफ की तस्वीर बदल सकता है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement