IPL 2026, RR vs DC: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में काइल जेमीसन (Kyle Jamieson) की एक हरकत उन पर भारी पड़ गई. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शुक्रवार (1 मई) को खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के इस तेज गेंदबाज को IPL आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है.
आईपीएल की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, जेमीसन को एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है और साथ ही चेतावनी भी जारी की गई है. यह मामला मैच नंबर 43 का है, जो जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेला गया था.
यह भी पढ़ें: RR vs DC: वैभव सूर्यवंशी के टारगेट पर थे मिचेल स्टार्क, खेल कर गए काइल जेमीसन, ऐसा गिरा विकेट, VIDEO
घटना राजस्थान की पारी के दूसरे ओवर की है, जब जेमीसन ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आउट किया. विकेट लेने के बाद जेमीसन बल्लेबाज के काफी करीब जाकर आक्रामक अंदाज में जश्न मनाते दिखे, जिसे उकसाने वाला व्यवहार माना गया.
आईपीएल ने इस पर एक्शन लेते हुए कहा कि जेमीसन ने आर्टिकल 2.5 का उल्लंघन किया है, जो ऐसे किसी भी व्यवहार से जुड़ा है, जिससे दूसरे खिलाड़ी को उकसाया जा सकता है. जेमीसन ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा दी गई सजा को मान लिया.
RR vs DC मैच में क्या हुआ?
मैच की बात करें तो यह मुकाबला पूरी तरह बल्लेबाजों के नाम रहा. दिल्ली कैपिटल्स ने 226 रन का विशाल लक्ष्य हासिल कर इतिहास रच दिया, जो उनका आईपीएल का सबसे बड़ा रनचेज रहा. ओपनिंग में केएल राहुल (75) और पथुम निसंका (62) ने 110 रन की जबरदस्त साझेदारी कर जीत की नींव रखी. अंत में ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा ने टीम को पांच गेंद पहले जीत दिला दी.
इससे पहले राजस्थान की ओर से रियान पराग ने 90 रन की शानदार पारी खेली, जबकि डोनोवन फरेरा ने 14 गेंदों में नाबाद 47 रन ठोक दिए. दिल्ली के लिए मिचेली ने 3 विकेट लेकर मैच में अहम भूमिका निभाई.
यह दिल्ली कैपिटल्स का आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज है. टीम अब 4 जीत के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि राजस्थान रॉयल्स 10 मैचों में 6 जीत के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क