दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 14वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (GT) और गुजरात टाइटन्स के बीच रोमांच चरम पर रहा. आखिरी तक चले इस मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने दिल्ली को महज 1 रन से हराकर सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की.
मैच इतना करीबी था कि डगआउट में बैठे कोच भी खुद को रोक नहीं पाए. दिल्ली कैपिटल्स के हेमांग बदानी और गुजरात टाइटन्स के हेड कोच आशीष नेहरा लगातार खिलाड़ियों को निर्देश देते नजर आए. लेकिन मैच के दौरान एक ऐसा पल आया, जब आशीष नेहरा का गुस्सा सबके सामने फूट पड़ा.
दरअसल, दिल्ली की पारी के दौरान एक अहम मौके पर गुजरात के कप्तान शुभमन गिल से बड़ी गलती हो गई. उन्होंने रनआउट करने के प्रयास में गेंद को स्टंप्स की तरफ तेजी से फेंका, लेकिन यह थ्रो गलत दिशा में चला गया और इसके चलते चार ओवरथ्रो रन निकल गए. इस तरह दिल्ली कैपिटल्स को एक ही गेंद पर कुल पांच रन मिल गए, जिसने मैच का रुख पलटने का काम किया.
उस वक्त दिल्ली को 28 गेंदों में 63 रन की जरूरत थी और क्रीज पर केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स मौजूद थे. दोनों बल्लेबाजों ने तेज दौड़कर एक रन लिया था, लेकिन गिल की इस चूक ने दबाव को कम कर दिया. इस घटना के तुरंत बाद कैमरे में आशीष नेहरा को गिल पर चिल्लाते हुए देखा गया, जो इस मैच के सबसे चर्चित पलों में से एक बन गया.
यूजर्स बोले नेहरा जी गुस्सा ठीक नहीं
इस मोमेंट का एक वीडियो एक यूजर्स ने शेयर किया, जिसमें कई लोगों ने कमेंट करते हुए लिखा कि गुजरात के हेड कोच आशीष नेहरा ने मैच के दौरान गाली दी है. वहीं कुछ यूजर्स ने लिखा कि कि इतना गुस्सा ठीक नहीं है नेहरा जी.
धोनी और कार्तिक को दी थी नेहरा ने गाली!
वहीं कुछ यूजर्स ने कहा नेहरा जी ऐसे ही गुस्सा महेंद्र सिंह धोनी पर वनडे मैच के दौरान और दिनेश कार्तिक पर आईपीएल मैच के दौरान दिखा चुके हैं. नेहरा ने अप्रैल 2005 में अहमदाबाद में भारत बनाम पाकिस्तान ODI मैच के दौरान धोनी को कथित तौर पर अपशब्द बोले थे.
वहीं 2009 में दिल्ली डेयरडेविल्स टीम के विकेटकीपर दिनेश कार्तिक थे और उन्होंने नेहरा की गेंद पर लगातार 2 आसान कैच छोड़ दिए. बस इसी वजह से नेहरा बहुत गुस्सा हो गए और मैदान पर जोर-जोर से रिएक्ट करने लगे.
यह भी पढ़ें: DC vs GT: आखिरी गेंद वाइड थी या नहीं? IPL में मच गया बवाल, जानें नियम क्या कहता है
बात करें मैच की तो दिल्ली कैपिटल्स ने इस ओवरथ्रो के मौके का फायदा उठाते हुए जोरदार वापसी की. केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 92 रन ठोके, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. उनके साथ डेविड मिलर ने भी अहम योगदान दिया, जबकि युवा खिलाड़ी विप्रज निगम ने कुछ बेहतरीन बाउंड्री लगाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा.
लेकिन आखिरी ओवर में मैच फिर पलट गया. डेविड मिलर से एक बड़ी चूक हो गई, जब उन्होंने प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर आसान सिंगल लेने का मौका गंवा दिया. यह गलती दिल्ली पर भारी पड़ गई और टीम को सिर्फ 1 रन से हार झेलनी पड़ी.
इस तरह गुजरात टाइटन्स ने रोमांचक जीत के साथ सीजन में खाता खोला, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को पहली हार का सामना करना पड़ा. वैसे मैच में गिल की ओवरथ्रो वाली गलती और नेहरा का रिएक्शन लंबे समय तक चर्चा में रहने वाला है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क